बंगाल: मालदा में बीजेपी कार्यकर्ता की मिली लाश, दो दिन पहले हुआ था लापता

कार्यकर्ता आशीष सिंह की लाश इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन के बाधापुकुर में मिली है. इलाके में लोकप्रिय रहे आशीष के शरीर पर घाव के निशान हैं.

Advertisement
मौके पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस

मनोज्ञा लोइवाल

  • मालदा,
  • 12 जून 2019,
  • अपडेटेड 12:35 PM IST

पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा. मालदा में दो दिन से गायब बीजेपी कार्यकर्ता का शव मिला है. इस वारदात के साथ ही बंगाल की राजनीतिक लड़ाई में तल्खी और बढ़ गई है. आज यानी बुधवार को कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन भी है. बीजेपी बंगाल पुलिस मुख्यालय का घेराव करने वाली है.

Advertisement

बीजेपी कार्यकर्ता आशीष सिंह मालदा से दो दिन पहले लापता हुआ था. उसकी लाश इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन के बाधापुकुर में मिली है. इलाके में लोकप्रिय रहे आशीष के शरीर पर घाव के निशान हैं. माना जा रहा है कि आशीष की हत्या की गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

आशीष की लाश मिलने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता ने पुलिस को घेर लिया है और ममता सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है. आशीष की हत्या का मामला बीजेपी आज कोलकाता में भी उठाएगी. लाल बाजार मार्च के दौरान बीजेपी के आला नेता इस मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे.

बर्दवान में बीजेपी नेता के घर बम से हमला

इससे पहले बर्दवान में बीजेपी के मंडल अध्यक्ष संजय दास के घर में बम से हमला हुआ. देसी बम के हमले में कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन नया बवाल जरूर शुरू हो गया. घर के आंगन में जिंदा देसी बम मिला.फिर तो बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. टायर जला कर सड़क जाम किया. घंटों सड़क पर आवाजाही बंद रही.

Advertisement

मुकुल रॉय ने की कार्रवाई की मांग

बीजेपी का आरोप है ममता बनर्जी के उकसाऊ भाषणों से टीएमसी के कार्यकर्ताओं को हमले की ताकत मिल रही है. बंगाल बीजेपी के रणनीतिकार मुकुल रॉय ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है, जिसमें सरकारी मशीनरी के फेल होने का आरोप लगाते हुए तुरंत एक्शन की मांग की गई है.

Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »