हरियाणाः बकरीद मनाने घर आए शख्स की लाश पेड़ से लटकी मिली

फरीदाबाद के एक गांव में छेड़छाड़ के आरोपी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकी मिली है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवती के घरवालों ने ताहिर की हत्या करके शव को पेड़ पर लटका दिया. वह गांव में ईद-उल-अजहा मनाने आया था. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
मृतक ताहिर (फाइल फोटो) मृतक ताहिर (फाइल फोटो)

राम कृष्ण / तनसीम हैदर

  • फरीदाबाद,
  • 23 अगस्त 2018,
  • अपडेटेड 2:17 PM IST

हरियाणा के फरीदाबाद के चांदपुर गांव में ईद-उल-अजहा मनाने आए एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक ताहिर पर छेड़छाड़ के मामले में पंचायत ने एक महीने पहले पांच जूते मारने और छह महीने तक गांव से तड़ीपार का फैसला सुनाया था. पंचायत के फैसले के बावजूद वह बुधवार को ईद मनाने के लिए गांव आ गया था.

Advertisement

वहीं, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. चांदपुर गांव की पंचायत ने एक युवती से छेड़छाड़ के आरोपी युवक ताहिर को एक महीना पहले सभी के सामने पांच जूते मारने और छह महीने के लिए गांव से निकल जाने का तुगलकी फरमान सुनाया था. मृतक के परिजनों के मुताबिक इस फरमान को पूरे गांव के सामने लागू भी कर दिया गया और युवक को सरेआम पांच जूते मारे गए और छह महीने के लिए गांव से निकाल दिया गया.

28 जुलाई की इस घटना के बाद ताहिर अपनी बुआ के पास रहने के लिए चला गया था, लेकिन ईद मनाने के लिए वह 22 अगस्त को अपने गांव में परिवार वालों के पास आ गया था. परिजनों ने बताया कि ईद की नमाज अता करने के बाद जैसे ही वह मस्जिद से बाहर आया, तो युवती के परिजनों ने ताहिर पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी भी देने लगे.

Advertisement

गांव के लोगों ने उस वक्त बीच-बचाव कराकर किसी तरह मामले को शांत करा दिया था, लेकिन बुधवार शाम के लगभग आठ बजे ताहिर का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर लटकता पाया गया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने ही ताहिर की कर शव को पेड़ पर लटका दिया. वहीं, मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक ताहिर गांव की ही एक लड़की के साथ छेड़छाड़ का आरोपी था.

यह छेड़छाड़ का मामला पुलिस के पास भी आया था, लेकिन आपस में पंचायती तौर पर फैसले के बाद कोई केस दर्ज नहीं किया गया था. गांव में हुई पंचायत के बाद युवक को छह महीने के लिए गांव से निकाल दिया गया था. ईद मनाने के लिए युवक बुधवार को गांव फिर से आ गया था और रात होते ही उसका पेड़ पर लटका मिला.

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है और मुकदमा दर्जकर आरोपियों  की तलाश शुरू कर दी है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »