Bihar Crime: पुलिस थाने पर ही पुलिस का छापा, पकड़े गए तीन पुलिसकर्मी... हैरान कर देगी पूरी कहानी

शराब के नशे में धुत होकर थाने पहुंचे एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. तीनों पुलिसवाले कैमूर जिले के सोनहन पुलिस स्टेशन में तैनात है. अब तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी होगी.

Advertisement
तीनों पुलिसवालों को गिरफ्तार कर लिया गया (सांकेतिक फोटो- Meta AI) तीनों पुलिसवालों को गिरफ्तार कर लिया गया (सांकेतिक फोटो- Meta AI)

aajtak.in

  • कैमूर,
  • 16 सितंबर 2024,
  • अपडेटेड 6:59 PM IST

बिहार राज्य में पूरी तरह से शराबबंदी है. वहां शराब रखना. शराब बेचना. शराब खरीदना और शराब पीना सभी कानून के खिलाफ है. लेकिन इस कानून को लागू करने की जिम्मेदारी जिस पुलिस पर है, अगर वही नशे में धुत होकर थाने में बैठेगी तो कानून का पालन कैसे होगा? जी हां, ठीक ऐसा ही मामला बिहार के कैमूर जिले से सामने आया है. जहां शराब में धुत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement

शराब के नशे में धुत होकर थाने पहुंचे एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. तीनों पुलिसवाले कैमूर जिले के सोनहन पुलिस स्टेशन में तैनात है. यह जानकारी खुद एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को दी. अब तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी होगी.

कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) ललित मोहन शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए पीटीआई से कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है. उन्होंने बताया कि एसपी कार्यालय को शिकायत मिली थी कि शनिवार को कुछ लोग उस थाने के अंदर जा रहे थे, जहां तीनों पुलिसकर्मी तैनात थे.

इसके बाद भभुआ थाने के एसएचओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम सोनहन पुलिस स्टेशन पहुंची और वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर राजीव रंजन और दो सिपाही चंद्रजीत और अमरेंद्र कुमार को नशे की हालत में पाया. उन तीनों के अलावा एक बाहरी व्यक्ति सोनू कुमार भी वहां नशे में चूर मिला. पुलिस ने उन चारों को तुरंत हिरासत में ले लिया.

Advertisement

सोनहन पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपियों के मूत्र और रक्त के नमूने आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं. यह पूरा मामला एसपी के संज्ञान में लाया गया, जिन्होंने तत्काल तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया है.

आपको बता दें कि बिहार में अप्रैल 2016 में शराबबंदी कानून लागू किया गया था, जिसके तहत शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »