त्रिपुरा में BSF जवानों पर तस्करों का हमला, हथियार छीनने की कोशिश, सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़

त्रिपुरा के बॉक्सानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कथित तस्करों ने BSF जवानों पर हमला कर दिया. इस दौरान तीन जवान घायल हो गए. जिनसे हथियार छीनने की कोशिश की गई और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ भी हुई. मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में जांच अभी जारी है (फोटो-ITG) इस मामले में जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:01 AM IST

त्रिपुरा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास तस्करों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमला कर दिया. हमले में BSF के तीन जवान घायल हो गए. आरोप है कि हमलावरों ने घायल जवानों से हथियार छीनने की भी कोशिश की. इसके अलावा आरोपियों ने एक सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई.

Advertisement

यह घटना सोमवार सुबह बॉक्सानगर के अशाबाड़ी इलाके में हुई. जानकारी के मुताबिक, बॉक्सानगर के अशाबाड़ी इलाके में सोमवार सुबह BSF के जवानों पर कथित तस्करों के एक समूह ने हमला किया. हमलावरों ने जवानों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए. हमले के दौरान आरोपियों ने जवानों के पास मौजूद हथियार छीनने की कोशिश भी की. 

हालांकि, इस दौरान हथियार छीने जाने की कोशिश से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. हमलावरों ने मौके पर मौजूद एक सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया और उसमें तोड़फोड़ की.

जानकारी के मुताबिक, सिपाहीजाला जिले की आशाबारी ग्राम पंचायत के पास, स्थानीय निवासियों और आशाबारी बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे वहां तनाव फैल गया. यह इलाका 49वीं बटालियन के अंतर्गत आता है. 

Advertisement

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह तस्करी से जुड़े एक मामले को लेकर हुई. सूत्रों के मुताबिक, बहस के दौरान एक BSF जवान ने कथित तौर पर हेफजुर रहमान नाम के व्यक्ति पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे स्थानीय लोग भड़क गए. इस घटना के बाद, आक्रोशित लोगों ने बोक्सानगर-रहीमपुर सड़क को जाम कर दिया, जिससे इलाके में आवाजाही ठप हो गई.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसी बीच, रहीमपुर BOP के असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार अपने स्टाफ के साथ वहां पहुंचे, तो भीड़ ने उन पर हमला कर दिया और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की. इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई जब BSF के और जवान मौके पर पहुंच गए, जिसके चलते BSF जवानों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई.

पुलिस ने बताया कि इस घटना में असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार और तीन अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को पहले प्राथमिक इलाज के लिए बोक्सानगर प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) ले जाया गया, जिसके बाद वे अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए. सूत्रों ने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किए जाने की संभावना है, और आगे की जानकारी का इंतजार है.

CM माणिक साहा ने की हमले की निंदा

BSF जवानों पर हुए इस हमले की त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कड़ी निंदा की है. उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना को बेहद गंभीर और अस्वीकार्य बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों के खिलाफ इस तरह की हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती. उन्होंने साफ किया कि सुरक्षाकर्मियों पर हमला गंभीर चिंता का विषय है और ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

Advertisement

सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने संबंधित अधिकारियों को हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तेजी से और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं. उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.

मुख्यमंत्री ने X पर क्या कहा?

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैं अशाबाड़ी में हमारे बहादुर BSF जवानों पर उपद्रवियों के एक समूह द्वारा किए गए बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं. हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ इस तरह की हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए.'

उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा कर्मियों पर किसी भी तरह का हमला गंभीर चिंता का विषय है और कानून के अनुसार इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, ताकि उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जा सके.

फिलहाल, इस घटना में घायल तीनों BSF जवानों की स्थिति, हथियार छीनने की कोशिश में हमलावरों को मिली सफलता और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

Advertisement

(त्रिपुरा से तन्मय का इनपुट)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »