तेलंगाना: एक लाख रुपये में एक महीने के मासूम का सौदा, पुलिस ने खरीदार के घर से किया रेस्क्यू

तेलंगाना के महबूबनगर में एक महीने के नवजात बच्चे को कथित तौर पर 1 लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है. पुलिस ने खरीदार के घर से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंप दिया है. जानें, क्या है ये पूरा मामला?

Advertisement
पुलिस ने मासूम को CWC के हवाले कर दिया है (फोटो-ITG) पुलिस ने मासूम को CWC के हवाले कर दिया है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • हैदराबाद,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:15 PM IST

तेलंगाना के महबूबनगर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महीने के मासूम बच्चे को उसके माता-पिता ने कथित तौर पर एक लाख रुपये में बेच दिया. पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे को खरीदार के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया है. फिलहाल, बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) की देखरेख में सौंप दिया गया है, जबकि पूरे मामले की जांच जारी है.

Advertisement

यह घटना महबूबनगर जिले के तेलुगुगुडेम गांव की है. पुलिस के मुताबिक, इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेज (ICDS) के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर 17 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और नवजात को खरीदने वाले व्यक्ति और इस सौदे में कथित तौर पर मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया. हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

जांच के दौरान पुलिस टीम ने महबूबनगर शहर में खरीदार के पास से नवजात बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया. इसके बाद बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के हवाले कर दिया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे की खरीद-फरोख्त के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे.

Advertisement

पीटीआई के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह बच्चा जून महीने में मजदूरी करने वाले एक दंपति के यहां पैदा हुआ था. आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले माता-पिता ने एक बिचौलिए के जरिए नवजात को एक लाख रुपये में बेच दिया. दंपति के पहले से दो बेटे और एक बेटी हैं. हालांकि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि इस संबंध में जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »