पत्नी से युवक के थे अवैध संबंध, पति ने खाने पर बुलाया, हत्याकर शव बोरे में भरकर फेंका

सागर में बोरे में मिली लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई. आरोपी हरिशंकर ने युवक महेंद्र को खाने के बहाने बुलाकर परिवार के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. बाद में शव बोरे में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है, जबकि अन्य फरार हैं. जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है.

Advertisement
प्रेम संबंध बना मौत की वजह! (Photo: Representational) प्रेम संबंध बना मौत की वजह! (Photo: Representational)

हिमांशु पुरोहित

  • सागर,
  • 13 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:50 PM IST

मध्यप्रदेश के सागर जिले में बोरे में मिली लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. यह हत्या अवैध संबंधों के चलते रची गई एक सोची-समझी साजिश का परिणाम निकली. पुलिस के मुताबिक, युवक को पहले खाने के बहाने बुलाया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंक दिया गया.

घटना कर्रापुर क्षेत्र के पास कानपुर हाईवे स्थित राजा ढाबा के नजदीक की है, जहां 11 अप्रैल की सुबह सड़क किनारे खून से सना एक बोरा मिला था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब बोरा खोला गया तो उसमें एक युवक का शव मिला. बाद में मृतक की पहचान 38 वर्षीय महेंद्र अहिरवार, निवासी ग्राम भेड़ा (बंडा) के रूप में हुई.

Advertisement

शुरुआत में यह मामला रहस्य बना हुआ था, लेकिन जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए. पुलिस जांच में सामने आया कि महेंद्र के गांव के ही हरिशंकर अहिरवार की पत्नी से उसके अवैध संबंध थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. कई बार समझाने के बावजूद जब महेंद्र नहीं माना, तो हरिशंकर ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली.

इस साजिश में उसने अपने परिवार के सदस्यों, पत्नी, बेटे और सालों को भी शामिल कर लिया. 10 अप्रैल की शाम हरिशंकर ने महेंद्र को सागर के राजीव नगर स्थित अपने साले के घर खाने पर बुलाया. वहां पहले पार्टी हुई और जैसे ही महेंद्र खाना खाने बैठा, आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. कुल्हाड़ी से उसकी कनपटी पर पहला वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद सिर और चेहरे पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी गई.

Advertisement

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरा और एक लोडिंग वाहन से कर्रापुर ले जाकर 10-11 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हाईवे किनारे फेंक दिया. खास बात यह रही कि जब शव बरामद हुआ, तब उसके हाथ में रोटी का टुकड़ा मिला, जिससे साफ हुआ कि उसे खाना खाते वक्त ही मारा गया.

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिशंकर अहिरवार सहित अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है. फिलहाल हरिशंकर हर्निया की बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उसकी निगरानी कर रही है. वहीं उसकी पत्नी, बेटा सत्यम और अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा के अनुसार, 'हत्या अवैध संबंधों के कारण की गई है. सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.' इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में पनपती दुश्मनी किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement