छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु अपनी पत्नी नीलम के साथ होने वाले रोजमर्रा के विवादों से परेशान था. आरोप है कि इसी वजह से उसने पत्नी को मोहारा नदी में धक्का दे दिया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई.
यह सनसनीखेज वारदात राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे मयूर मेश्राम अपनी पत्नी नीलम को मोहारा नदी घुमाने के बहाने छोटा पुलिया के पास ले गया था.
बताया गया है कि दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था. नदी किनारे पहुंचने के बाद बातचीत के दौरान एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान मयूर ने नीलम को नदी में धक्का दे दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पता था कि उसकी पत्नी को तैरना नहीं आता है, इसके बावजूद उसने उसे पानी में धकेल दिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने अपने साले को पूरी बात बताई थी. शिकायत मिलने पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 501/2026 दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी दी गई. इसके बाद अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश और मामले की जांच के लिए पुलिस टीम सक्रिय हुई.
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई. थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. 22 अक्टूबर को घेराबंदी कर मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु को पकड़ लिया गया. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस ने आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने का दावा किया है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया. वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल करा दिया गया. पुलिस मामले में दर्ज प्राथमिकी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. फिलहाल, पुलिस के मुताबिक, पत्नी की मौत के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया जा चुका है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
परमानंद रजक