पत्नी की संदिग्ध मौत, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक... दहेज हत्या के आरोप में BDO गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में BDO मनोज कुमार को पत्नी अमृता की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया है. परिजनों ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के एंगल से जांच कर रही है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस हर एंगल से इस मामले में जांच कर रही है (फोटो-ITG) पुलिस हर एंगल से इस मामले में जांच कर रही है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • मुजफ्फरपुर ,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:46 PM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत के चार दिन बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के पद पर तैनात है. मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस अब इस मामले में कथित विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) के एंगल की भी जांच कर रही है.

Advertisement

यह मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा इलाके का है, जहां 3 जुलाई को अमृता नाम की महिला अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. शुरुआती जांच में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी.

घटना के तुरंत बाद मृतका के परिजनों ने मिठनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अमृता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था. शिकायत में कहा गया कि पति मनोज कुमार और उसके परिवार के सदस्य 10 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे. इसी प्रताड़ना के कारण अमृता की मौत हुई है.

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी BDO मनोज कुमार फरार हो गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद था. लगातार तलाश के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने मंगलवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान मनोज कुमार ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी. हालांकि पुलिस उसके इस दावे की भी गहराई से जांच कर रही है.

Advertisement

मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है. दहेज हत्या के आरोपों के साथ-साथ आरोपी के कथित विवाहेतर संबंधों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी.

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और घटनास्थल से जुटाए गए सभी अहम साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी. फिलहाल, पुलिस सभी सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »