मुंबई में अश्लील वीडियो चैट के जरिए ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की उगाही का मामला सामने आया है. क्राइम ब्रांच सेल-7 ने घाटकोपर डिवीजन में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि महिला ने एक सोने-चांदी की दुकान में मैनेजर के तौर पर काम करने वाले व्यक्ति को अश्लील वीडियो के आधार पर बदनाम करने की धमकी दी. इसके साथ ही उसे जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देकर रुपये मांगे गए.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला उससे करीब 4 करोड़ रुपये वसूल चुकी थी और इसके बाद भी पैसों की मांग कर रही थी. शिकायत के मुताबिक, दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को WhatsApp पर अश्लील वीडियो चैट भेजकर धमकाना शुरू किया. महिला कथित तौर पर उसे वीडियो सार्वजनिक करने और उसके जरिए बदनाम करने की धमकी देती थी.
शिकायतकर्ता को यह भी बताया गया कि उसकी अश्लील वीडियो चैट इंटरनेट के जरिए पुलिस, अदालत और सीबीआई विभाग तक पहुंच चुकी हैं. उसे पूछताछ के लिए बुलाए जाने की बात कहकर डराया गया. मानहानि और कानूनी कार्रवाई के डर से शिकायतकर्ता कथित तौर पर महिला की मांगें पूरी करता रहा.
पीड़ित के मुताबिक, महिला ने साल 2024 से अब तक उससे करीब 4 करोड़ रुपये ले लिए थे. इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद आरोपी की पैसों की मांग कथित तौर पर बंद नहीं हुई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला ने उससे और रुपये मांगे और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. उसने शिकायतकर्ता के हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी. लगातार मिल रही धमकियों और फिरौती की मांग के बाद मामला क्राइम ब्रांच तक पहुंचा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम डिटेक्शन ब्रांच की यूनिट-7 ने आरोपी महिला को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के घाटकोपर पश्चिम इलाके में एलबीएस रोड स्थित आर.के. रेस्टोरेंट में कार्रवाई की गई. यहां महिला को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 5 लाख रुपये की फिरौती लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूली गई रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की वास्तविक स्थिति क्या है. शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 308(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ये धाराएं जबरन वसूली से संबंधित प्रावधानों से जुड़ी हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस जांच में कथित उगाही की रकम, धमकियों और शिकायतकर्ता से लिए गए पैसों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी.
दिव्येश सिंह