उत्तर प्रदेश के मेरठ के हुमायूं नगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक 21 साल के युवक पर अपनी 19 साल की बहन की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है. आरोपी ने बहन के अवैध संबंधों को लेकर नाराजगी जताई थी. उसका आरोप था कि बहन के रिश्ते की वजह से परिवार की बदनामी हो रही थी.
मंगलवार को आरोपी युवक खुद लोहियानगर पुलिस स्टेशन पहुंचा. उसने अपनी बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. उसके घर पहुंचकर महिला का शव बरामद किया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन पिछले छह महीने से अपने ससुराल नहीं गई थी.
पुलिस के मुताबिक, उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन का पड़ोस के एक लड़के के साथ प्रेम संबंध था. आरोपी ने बताया कि उसकी बहन 28 जून को घर से बाहर गई थी और मंगलवार सुबह वापस लौटी थी. इसके बाद उसने अपनी बहन की हत्या कर दी. आरोपी ने कहा कि उसके परिवार की बदनामी हो रही थी.
सर्कल ऑफिसर (कोतवाली) संग्राम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया. महिला का शव घर से बरामद किया गया है. इस मामले की जांच के लिए फोरेंसिक यूनिट को मौके पर भेजा गया, जहां से सबूत जुटाए गए. शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
परिवार के दूसरे सदस्यों की औपचारिक शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच में हत्या की वजह, घटनाक्रम और परिवार के सदस्यों की भूमिका समेत सभी पहलुओं को देखा जा रहा है.
aajtak.in