छत्तीसगढ़ के सुरगुजा जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 23 वर्षीय गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि उसने पहले पत्नी की बुरी तरह पिटाई की और फिर उसके निजी अंग में लोहे का धारदार औजार हेक्सॉ ब्लेड डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 14 मई को मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकला गांव में हुई. आरोपी की पहचान प्रदीप अगरिया के रूप में हुई है, जिसे रविवार को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
चार साल की बेटी घर में थी मौजूद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रदीप और हीराबाई की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी. आरोपी शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. घटना वाले दिन भी उसने हीराबाई के साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया जा रहा है कि इस दौरान उनकी चार साल की बेटी भी घर में मौजूद थी.
पत्नी को हॉस्पिटल लेकर गया
पुलिस के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बाद जब हीराबाई बेहोश हो गई तो आरोपी उसे मोटरसाइकिल से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां उसने डॉक्टरों को गुमराह करते हुए बताया कि उसकी पत्नी सड़क दुर्घटना में घायल हुई है. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया.
परिजनों के पहुंचने के बाद अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की भयावह सच्चाई सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
प्राइवेट पार्ट से 10 इंच लंबा लोहे का औजार निकला
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग के डॉक्टर डॉ. संतु बाग ने बताया कि मृतका तीन महीने की गर्भवती थी और उसके शरीर पर करीब 17 गंभीर बाहरी चोटों के निशान मिले हैं. मृतका के निजी अंग से लगभग 10 इंच लंबा लोहे का औजार बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. इस निर्मम घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
aajtak.in