डबल मर्डर से दहला लखनऊ, होमगार्ड ने किया पत्नी और बेटी का कत्ल, डाटा केबल से घोंटा गला

लखनऊ के कृष्णानगर में होमगार्ड रवीन्द्र शंकर पर पत्नी श्यामा दुलारी और बेटी पूजा साहू की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. साथ ही फॉरेंसिक टीम भी जांच कर रही है. पढ़ें डबल मर्डर की पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है (फोटो-ITG) इस मामले में आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है (फोटो-ITG)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:17 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई, जहां एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी को मौत के घाट उतार दिया. मृतकों की पहचान करीब 50 वर्षीय श्यामा दुलारी और 32 वर्षीय पूजा साहू के रूप में हुई है. इस खूनी वारदात को कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोलाखेड़ा में अंजाम दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवीन्द्र शंकर की उम्र करीब 56 साल है और वह लखनऊ में होमगार्ड के पद पर तैनात है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे डायल-112 के जरिए भोलाखेड़ा में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही कृष्णानगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. 

शुरुआती जांच में पता चला कि घटना मकान नंबर 555ख/163 में हुई है. यहां रहने वाले रवीन्द्र शंकर पर अपनी पत्नी श्यामा दुलारी और बेटी पूजा साहू की हत्या करने का आरोप है. पुलिस अब मौका-ए-वारदात से मिले सबूतों और परिवार से जुड़ी जानकारियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाओं की हत्या रात में उस समय की गई, जब वे सो रही थीं. आरोप है कि रवीन्द्र शंकर ने डाटा केबल से दोनों का गला कस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. 

Advertisement

लखनऊ के डीसीपी (साउथ) मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि आरोपी होमगार्ड है और उसने खुद पुलिस को घटना की जानकारी दी थी. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, वारदात को अंजाम देने के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

पुलिस के अनुसार, रवीन्द्र शंकर और उसकी पत्नी श्यामा दुलारी के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था. कुछ समय पहले विवाद के बाद श्यामा दुलारी घर से आभूषण लेकर चली गई थीं. इस संबंध में रवीन्द्र शंकर ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. 

कुछ दिन पहले ही श्यामा दुलारी वापस अपने घर लौटी थीं. पुलिस अब इस पारिवारिक विवाद से जुड़े घटनाक्रम की भी जांच कर रही है. हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि हत्या की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी.

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रवीन्द्र शंकर की बेटी पूजा साहू की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी. पहली शादी से तलाक होने के बाद वर्ष 2022 में पूजा ने दूसरी शादी की थी. हालांकि, दूसरी शादी भी तलाक पर खत्म हो गई थी. इसके बाद पूजा अपने पिता के घर पर ही रह रही थी. 

Advertisement

पुलिस इन पारिवारिक हालात की जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना से पहले घर में क्या हालात थे और वारदात किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा सके. इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. 

मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई. दोनों मृत महिलाओं के शवों का पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाएगी.

पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया इस वारदात के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है. परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

आरोपी रवीन्द्र शंकर से पूछताछ के साथ फॉरेंसिक साक्ष्यों और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »