हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है. इस रैकेट के 9 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 7 महिलाएं शामिल हैं. यह गैंग अवैध तरीके से नवजात बच्चों को हासिल कर उन्हें निःसंतान दंपतियों को बेंच दिया करता था. एक नाबालिग को रेस्क्यू कर एजेंसी को सौंपा गया है.
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गैर-कानूनी तरीकों से नवजात बच्चों को हासिल करता था. उन्हें पैसे लेकर निःसंतान दंपतियों को सौंप देता था. इस मामले का खुलासा 21 फरवरी को हुआ, जब देहरा पुलिस ने एक गैंग का भंडाफोड़ कर एक नाबालिग को बचाया. यह कार्रवाई कांगड़ा निवासी रोहित राणा की शिकायत पर हुई थी.
17 फरवरी को दर्ज शिकायत में रोहित राणा ने आरोप लगाया था कि दीपक आनंद नामक व्यक्ति ने नवजात को गोद दिलाने के नाम पर उससे 23,500 रुपए ठग लिए. शिकायत मिलते ही पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी. दीपक आनंद (40) पंजाब के जालंधर का रहने वाला है. लेकिन कांगड़ा में रह रहा था. उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
एसपी मयंक चौधरी के मुताबिक, दीपक आनंद को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वो पंजाब स्थित एक गिरोह के लिए एजेंट के तौर पर काम कर रहा था. उसका काम निःसंतान दंपतियों की पहचान कर उनसे संपर्क करना. उन्हें पंजाब में सक्रिय गैंग के सदस्यों से जोड़ना था.
इसके बाद पुलिस ने मनिंदरजीत कौर उर्फ रितु (47) और अनीता उर्फ आशा (59) को क्रमशः बटाला और जालंधर से गिरफ्तार किया. दोनों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया. जांच में 4.85 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है, जो अवैध डील से जुड़ा है. पुलिस ने एक नाबालिग को बरामद कर स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी को सौंप दिया.
वहां उसकी देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी. एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल जांच टीमें बनाई गईं. टेक्निकल साक्ष्यों और फाइनेंशियल ट्रेल की गहन पड़ताल के बाद सोमवार को पंजाब के अलग-अलग स्थानों से छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें ज्यादातर आरोपी महिलाएं हैं.
इन महिलाओं के नाम नीलम सिंह (54), रिम्पी (38), जसमेल कौर (60), करमजीत कौर उर्फ (34) है, जो पंजाब के बठिंडा की रहने वाली हैं. किरण (30) हरियाणा के सिरसा की निवासी है, जबकि कुलविंदर (45) पंजाब के जालंधर से है. पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है. पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं.
aajtak.in