राजधानी दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में रोहिणी सेक्टर-29 स्थित खेड़ा खुर्द के पास देर रात रोहिणी क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दो शूटरों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जबकि दूसरा नाबालिग है. दोनों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल बरामद की गई हैं.
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध स्कूटी सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया.
यह भी पढ़ें: 38 मुकदमे, 50 हजार का इनाम और आखिरकार एनकाउंटर... बागपत में सुशील मूंछ गैंग का शार्प शूटर 'खूनी' ढेर
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूठ खुर्द के चर्चित जोगिंदर डबास हत्याकांड में शामिल थे. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि हिमांशु भाऊ गैंग के सहयोगी विक्की हडल और डाकू कुलासी के निर्देश पर दोनों ने दिल्ली में दो से तीन जगहों पर फायरिंग की वारदातों को भी अंजाम दिया था.
हिमांशु भाऊ गैंग के नेटवर्क का हो सकता है खुलासा
इस पूरे ऑपरेशन को रोहिणी क्राइम ब्रांच के एसीपी गिरीश कौशिक और इंस्पेक्टर प्रदीप जाखड़ के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. एनकाउंटर की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ में हिमांशु भाऊ गैंग के नेटवर्क, उसके अन्य साथियों और हाल के फायरिंग मामलों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों किन-किन आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं और आगे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस एनकाउंटर को राजधानी में सक्रिय संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. जांच अभी जारी है.
कौन है हिमांशु भाऊ गैंग?
हिमांशु भाऊ गैंग दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में गिना जाता है. इसका सरगना हिमांशु उर्फ भाऊ मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और फिलहाल विदेश, खासतौर पर पुर्तगाल में रहने की बात सामने आती रही है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज हैं. बताया जाता है कि उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी है.
यह भी पढ़ें: फेसबुक पर 'शूटर' की तलाश, ₹5000 का एडवांस: पाकिस्तान की आतंकी साजिश में ऐसे फंसा बलरामपुर का शहरोज
यह गैंग कारोबारियों और चर्चित लोगों से रंगदारी मांगने, फायरिंग कर दहशत फैलाने और सोशल मीडिया के जरिए वारदातों की जिम्मेदारी लेने के लिए भी बदनाम है.
लगातार पकड़े जा रहे हिमांशु भाई गैंग के शूटर
18 जून 2024 को पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हुई गोलीबारी में अमन नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी. जांच में इस हत्याकांड की साजिश हिमांशु भाऊ और जेल में बंद लेडी डॉन अनु के साथ मिलकर रचे जाने की बात सामने आई थी. इसके अलावा एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग और हरियाणा के गोहाना में कारोबारियों पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी इस गैंग का नाम सामने आ चुका है.
अंशुल सिंह / राजेश खत्री