Silver Purity: चांदी असली है या नकली? बर्फ, चुंबक, साउंड टेस्ट से करें जांच, मिलेगा संकेत

Silver Purity Check Technics: धनतेरस पर चांदी का सिक्का खरीदने की तैयारी है, तो उसकी शुद्धता जांचना न भूलें. बाजार में कुछ विक्रेता चांदी में दूसरी धातुएं मिलाकर बेच सकते हैं. ऐसे में सिर्फ सिक्के की चमक देखकर भरोसा करना ठीक नहीं. बर्फ, चुंबक और आवाज जैसे चार आसान तरीकों से घर पर शुरुआती जांच कर सकते हैं.

Advertisement
बर्फ, चुंबक और साउंड टेस्ट से घर पर चांदी की शुद्धता की शुरुआती जांच कर सकते हैं. (File Photo) बर्फ, चुंबक और साउंड टेस्ट से घर पर चांदी की शुद्धता की शुरुआती जांच कर सकते हैं. (File Photo)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:37 PM IST

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. यही वजह है कि इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग चांदी के सिक्के भी खरीदते हैं. कोई इन्हें निवेश के लिए लेता है, तो कोई पूजा-पाठ और शुभ कामों के लिए. लेकिन चांदी का सिक्का खरीदते समय एक सवाल जरूर आता है- कहीं इसमें मिलावट तो नहीं है? चांदी में तांबा, निकल, एल्युमिनियम, जिंक और कैडमियम जैसी दूसरी धातुओं की मिलावट हो सकती है. इससे चांदी के सिक्के या बिस्किट की शुद्धता कम हो जाती है.

Advertisement

सिर्फ सिक्के या बिस्किट की चमक या रंग देखकर उसकी शुद्धता का पता नहीं लगाया जा सकता. हॉलमार्क से चांदी की घोषित शुद्धता की जानकारी मिलती है, लेकिन खरीदारी करते समय कुछ दूसरी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. घर पर ही चार आसान तरीकों से चांदी की शुद्धता की शुरुआती जांच की जा सकती है. हालांकि, ध्यान रखें कि इनमें से कोई भी तरीका 100 फीसदी शुद्धता की गारंटी नहीं देता.

1. बर्फ से करें चांदी की जांच

चांदी गर्मी को बहुत तेजी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाती है. विज्ञान की भाषा में इसे तापीय चालकता (Thermal Conductivity) कहते हैं. चांदी में यह गुण कई आम धातुओं के मुकाबले ज्यादा होता है. चांदी के सिक्के या बिस्किट को किसी समतल जगह पर रखें. उस पर बर्फ का एक छोटा टुकड़ा रख दें. देखें कि बर्फ कितनी तेजी से पिघलना शुरू करती है.

Advertisement

अगर सिक्के या बिस्किट में चांदी की मात्रा अच्छी है, तो धातु के जरिए गर्मी तेजी से पहुंचेगी और बर्फ अपेक्षाकृत जल्दी पिघलने लगेगी. हालांकि, सिर्फ इस आधार पर सिक्के को असली नहीं मान सकते. चांदी के सिक्के या बिस्किट का आकार, उसका तापमान और आसपास का माहौल भी बर्फ पिघलने की रफ्तार को प्रभावित करते हैं. दूसरी धातुएं भी गर्मी पहुंचाती हैं, इसलिए यह सिर्फ शुरुआती संकेत है.

2. चुंबक से पता करें चांदी में मिलावट

चांदी चुंबकीय धातु नहीं है. इसलिए शुद्ध चांदी का सिक्का या बिस्किट सामान्य तौर पर चुंबक से चिपकता नहीं है. इस वजह से चुंबक की मदद से भी सिक्के और बिस्किट की शुरुआती जांच की जा सकती है. एक शक्तिशाली चुंबक लें. नियोडिमियम मैग्नेट (Neodymium Magnet) इसके लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे चांदी के सिक्के या बिस्किट के पास लाकर देखें कि चुंबक की ओर खिंचता है या नहीं.

अगर सिक्का या बिस्किट तेजी से चुंबक की तरफ खिंचता है या चिपक जाता है, तो उसमें लोहा या निकल जैसी चुंबकीय धातु होने की आशंका हो सकती है. लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. चुंबक से न चिपकने का मतलब यह नहीं कि सिक्का या बिस्किट असली चांदी का ही है. तांबा, एल्युमिनियम और जिंक जैसी कई दूसरी धातुएं भी चुंबक से नहीं चिपकतीं. इसलिए यह जांच भी अकेले शुद्धता साबित नहीं कर सकती. सिर्फ शुरुआती संकेत दे सकती है.

Advertisement

3. साउंड टेस्ट से पता करें पहचान

चांदी के सिक्के या बिस्किट की आवाज से भी उसकी बनावट के बारे में शुरुआती अंदाजा लगाया जा सकता है. चांदी के सिक्के या बिस्किट को हल्के से थपथपाने पर आमतौर पर साफ और ऊंची गूंज सुनाई देती है. वहीं, कुछ दूसरी धातुओं से बने सिक्कों या बिस्किट की आवाज छोटी और फीकी हो सकती है. सिक्के या बिस्किट को अपनी उंगली के सिरे पर हल्के से रखें. किसी दूसरी धातु की छोटी वस्तु से सिक्के या बिस्किट को धीरे से थपथपाएं. उसकी आवाज ध्यान से सुनें. अगर आवाज साफ है और कुछ देर तक गूंजती है, तो यह चांदी होने का एक संकेत हो सकता है. लेकिन सिक्के और बिस्किट की मोटाई, आकार, डिजाइन और उसमें मिली धातुओं के कारण आवाज बदल सकती है. इसलिए यह तरीका एक जैसे आकार और डिजाइन वाले सिक्कों या बिस्किट की तुलना करने में ज्यादा उपयोगी है.

4. हॉलमार्क और शुद्धता जरूर जांचें

चांदी का सिक्का या बिस्किट खरीदते समय हॉलमार्क (Hallmark) देखना सबसे जरूरी कदमों में से एक है. इससे आपको पता चलता है कि सिक्के या बिस्किट पर कितनी शुद्धता का दावा किया गया है. चांदी की शुद्धता को समझने के लिए ये दो उदाहरण देखिए... 925 सिल्वर: इसमें 92.5 फीसदी चांदी होती है. 999 सिल्वर: इसमें 99.9 फीसदी चांदी होती है. इसे लगभग शुद्ध चांदी माना जाता है. सिक्का या बिस्किट खरीदते समय उस पर लगी मुहर के साथ बिल और शुद्धता से जुड़े दस्तावेज भी जरूर देखें. जौहरी से प्रमाणपत्र या शुद्धता का दूसरा प्रमाण मांग सकते हैं. सिर्फ हॉलमार्क की मुहर देखकर संतुष्ट न हों, उसकी प्रामाणिकता भी जांचें. थोड़ी सी सावधानी आपको मिलावटी या गलत शुद्धता बताकर बेचे जा रहे सिक्के खरीदने से बचा सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »