अगर आपका भी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में अकाउंट है और आपको ब्रांच पर कुछ काम कराने जाना है तो फटाफट करा लीजिए, क्योंकि 6 दिनों तक देश का सबसे बड़ा बैंक बंद रह सकता है. 23 मई, 2026 से बैंक की ब्रांचें छह दिनों तक बंद होने वाली हैं और यह बंद पूरे देश में रह सकता है.
हालांकि, ऑनलाइन काम जारी रहेंगे. जिसके तहत आप नेट बैंकिंग, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और अन्य सर्विसेज का उपयोग कर सकते हैं. लेकिन अगर आपको SBI के ब्रांच में जाकर काम पूरा करना है तो आपको 23 मई से पहले ही जाकर पूरा करा लेना चाहिए.
क्यों 6 दिनों तक बंद रहेगा SBI बैंक?
6 दिनों तक बैंक बंद रहने के पीछे की वजह वीकेंड, प्रस्तावित दो-दिन की हड़ताल और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से ईद-उल-अज़हा (बकरी ईद) के लिए दो-दिन की छुट्टी है. RBI के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार, जम्मू और कश्मीर में बैंक बकरी ईद (27 और 28 मई) के मौके पर दो दिनों तक बंद रहेंगे.
23 मई को महीने का चौथा शनिवार पड़ने वाला है, जिस कारण इस दिन बैंक बंद रहेगा. वहीं 24 मई को रविवार के कारण SBI के सभी बैंक बंद रहने वाले हैं, जिस कारण इस हफ्ते 2 दिनों का वीकेंड रहने वाला है.
कब और क्यों हो रही हड़ताल?
SBI स्टाफ फेडरेशन ने 25-26 मई (सोमवार और मंगलवार), 2026 को एक प्रस्तावित हड़ताल की जानकारी दी है. इस हड़ताल भर्ती और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) फंड मैनेजरों के चयन जैसे मुद्दों को सुलझाने के लिए बुलाई गई है.
पूरे देश में SBI के कर्मचारी वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था, 'ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन' ने नौकरियों की आउटसोर्सिंग, SBI में समानता से जुड़े मुद्दे, करियर में प्रगति की योजना की समीक्षा, HRMS और कर्मचारियों को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों पर भी चिंता जताई है.
ईद-उल-अज़हा के कारण अवकाश
आरबीआई ने ईद-उल-अज़हा के मौके पर अवकाश की घोषणा की है. देश के कुछ हिस्सों में यह त्योहार 27 मई को मनाया जाएगा तो बाकी हिस्सों में 28 मई को यह त्योहार मनाया जाएगा. जम्मू और कश्मीर में यह त्योहार दोनों दिन सेलिब्रेट किया जाएगा. ऐसे में यहां पर दो दिनों का अवकाश रहेगा.
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी जारी
SBI के स्टॉफ भी इस हड़ताल में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में ब्रांचों में सभी काम ठप रह सकते हैं, लेकिन ऑनलाइन काम जारी रहेंगे. एसबीआई ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई पेमेंट और एटीएम जैसे काम सामान्य तरीके से चलते रहेंगे.
आजतक बिजनेस डेस्क