प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 6000 रुपये हर साल दिया जाता है, ताकि वह अपनी खेती समय-समय पर पूरा कर सकें और उन्हें खाद, बीज के लिए आर्थिक तौर पर परेशान नहीं होना पड़े. अब इस योजना को पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है.
31 जुलाई को कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई. अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना 2030-31 तक जारी रहेगी. जिसके तहत 3.15 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी इसकी जानकारी दी थी.
उन्होंने कहा कि सरकार देशभर के किसान भाई-बहनों के सशक्तिकरण और समृद्धि के लिए संकल्पित है. उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है और उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है.
23 किश्त हो चुकी है जारी
जबसे यह येाजना लागू की गई है, तबसे लेकर अभी तक पीएम किसान योजना के तहत 23 किस्त जारी की जा चुकी है. इन किस्तों के जरिए किसानों के अकाउंट में सीधे तौर पर 4.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर किए जा चुके हैं. सिर्फ 23वीं किस्त में 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को 18,984 करोड़ रुपये मिले. नीति आयोग की डीएमईओ रिपोर्ट के अनुसार, 92 प्रतिशत किसानों ने इस राशि का उपयोग खेती और कृषि निवेश में किया, जबकि 85% किसानों ने माना कि इससे उनकी आय बढ़ी और इनफॉर्मल कर्ज पर निर्भरता घटी.
हर साल 6000 रुपये मिलता है
इस योजना की खास बात है कि यह समय-समय पर किसानों को आर्थिक सहायता देता है. इस योजना के तहत सालाना 6000 रुपये दिया जाता है, जो हर चार महीने के अंतराल पर तीन किस्तों में जारी किया जाता है. कई बार इस योजना को लेकर रकम बढ़ाने की भी मांग उठ चुकी है. किसानों का कहना है कि महंगाई बढ़ने से दी जा रही रकम कम पड़ रही है, जिस कारण इस योजना के तहत दी जाने वाली सहायता कम से कम 10,000 रुपये सालाना होना चाहिए.
कब आएगी अगली किस्त?
योजना के पांच साल तक बढ़ने के बाद अब किसानों को अगली किस्त का इंतजार है. पिछली किस्त यानी पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी, और अगली यानी 24वीं किस्त के अक्टूबर 2026 (नवरात्रि के आसपास) तक आने की उम्मीद है. हालांकि सरकार ने आधिकारिक डेट का ऐलान नहीं किया है.
आजतक बिजनेस डेस्क