युद्ध थमने की खबर से दुनियाभर के स्टॉक्स मार्केट्स (Stock Markets) में हरियाली लौटती दिख रही है. भारतीय बाजारों में भी पिछले 4 दिनों से तेज गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लग गया है. वैश्विक तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में अचानक भारी गिरावट देखी जा रही है. इस बीच कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार को 11 बजे तक भारतीय बाजारों में तेजी से निवेशकों की वैल्थ में करीब 4 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
सोमवार को तेजी के साथ सेंसेक्स 76,608.98 अंक पर ओपन हुआ, और कारोबार के दौरान 76,737.88 का हाई लगाया. दिन के साढ़े 11 बजे सेंसेक्स करीब 690 अंक चढ़कर 76750 अंक पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी में फिलहाल 200 अंकों की तेजी देखी जा रही है.
बाजार में तेजी के तीन मुख्य कारण
1. दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष थमने की खबरों से वैश्विक बाजारों ने राहत की सांस ली. क्योंकि अमेरिका ने फिलहाल ईरान पर हमले नहीं करने का फैसला लिया है. वहीं ईरान भी पलटवार नहीं कर रहा है, जिससे युद्ध थमने का आसार लग रहा है.
2. तनाव कम होने से वैश्विक निवेशकों का बाजार को लेकर भरोसा बढ़ा है. इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है. ब्रेंट क्रूड का भाव चार दिन पहले के $102 प्रति बैरल से गिरकर $92 प्रति बैरल के आसपास आ गया है, जिससे भारत जैसे आयात-निर्भर देश के शेयर बाजार को बड़ा समर्थन मिला.
वॉलेटिलिटी इंडेक्स (India VIX) में गिरावट
3. इसके अलावा बाजार में अनिश्चितता को दर्शाने वाला इंडिया विक्स (India VIX) इंडेक्स 6% घटकर 13.16 पर आ गया है. इसमें आई गिरावट से स्पष्ट होता है कि बाजार में उतार-चढ़ाव की आशंका कम हुई है.
सोमवार को कारोबार के दौरान दिग्गजों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखी गई है. चढ़ने वाले शेयरों में इंडिगो (IndiGo), जौमेटो, एशियन पेंट्स (Asian Paints), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), इन्फोसिस (Infosys), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), आईटीसी (ITC) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) हैं.
गिरने वाले शेयरों में ONGC, अडानी पोर्ट्स और HDFC बैंक हैं. इससे पहले शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 4,024 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 5,589 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया था.
(नोट: शेयर बाजार में निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें)
आजतक बिजनेस डेस्क