Family Pension: कर्मचारी की मौत के बाद पत्नी, बच्चों या माता-पिता में किसे मिलेगी फैमिली पेंशन? जानें नियम

किसी कर्मचारी की मौत के बाद परिवार को फैमिली पेंशन, ग्रैच्युटी और प्रोविडेंट फंड जैसे लाभ मिल सकते हैं. लेकिन कानूनी वारिस होने भर से इन सभी पर अपने आप हक नहीं बन जाता. हर लाभ के लिए अलग नियम और पात्रता तय है. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी स्पष्ट किया है कि फैमिली पेंशन का हक संबंधित सर्विस रूल्स से तय होता है.

Advertisement
कर्मचारी की मौत के बाद फैमिली पेंशन, ग्रैच्युटी और प्रोविडेंट फंड के लिए नियम और पात्रता तय हैं. (File Photo) कर्मचारी की मौत के बाद फैमिली पेंशन, ग्रैच्युटी और प्रोविडेंट फंड के लिए नियम और पात्रता तय हैं. (File Photo)

बिशन कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

किसी कर्मचारी की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक सुरक्षा का सवाल खड़ा हो जाता है. ऐसे में फैमिली पेंशन, ग्रैच्युटी और प्रोविडेंट फंड (PF) जैसे रिटायरमेंट बेनेफिट्स बड़ी राहत दे सकते हैं. लेकिन क्या कर्मचारी का कानूनी वारिस होने भर से इन सभी लाभों पर हक मिल जाता है? इसका जवाब है- नहीं. हर बेनेफिट के लिए अलग नियम हैं और यह भी देखा जाता है कि कर्मचारी किस सेवा या योजना के तहत काम करता था और उसने नॉमिनेशन में किसका नाम दिया था.

Advertisement

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी फैमिली पेंशन से जुड़े एक अहम सिद्धांत को स्पष्ट किया है. कोर्ट के मुताबिक, फैमिली पेंशन का हक सामान्य उत्तराधिकार कानून के बजाय संबंधित सर्विस रूल्स से तय होता है. यह बात उन मामलों में खास मायने रखती है, जहां कर्मचारी की मौत के बाद पत्नी या पति, बच्चे, माता-पिता और दूसरे रिश्तेदार पेंशन पर अपना दावा करते हैं.

सरकारी कर्मचारियों के लिए नियम

केंद्र सरकार के कर्मचारियों के मामले में सेंट्रल सिविल सर्विसेज (पेंशन) रूल्स, 2021 लागू होता है. इन नियमों के तहत आम तौर पर कर्मचारी की जीवित पत्नी या पति फैमिली पेंशन के प्राथमिक हकदार होते हैं. इसके बाद पात्र बच्चों और नियमों के मुताबिक परिवार के दूसरे सदस्यों का नंबर आता है. हालांकि, फैमिली पेंशन का फैसला हर मामले में एक जैसा नहीं होता. पात्रता, परिवार की स्थिति और लागू नियमों के आधार पर हकदार तय किए जाते हैं. इसलिए केवल यह मान लेना सही नहीं है कि कानूनी वारिस होने के कारण किसी व्यक्ति को फैमिली पेंशन मिल ही जाएगी.

Advertisement

तलाक की प्रक्रिया में क्या है नियम

केंद्रीय पेंशन नियमों में एक विशेष स्थिति भी है. अगर किसी महिला सरकारी कर्मचारी या पेंशनर ने तलाक की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान अपने पात्र बच्चों को फैमिली पेंशन देने का अनुरोध किया है, तो संबंधित नियमों के तहत बच्चों का दावा पति से पहले आ सकता है. इसलिए ऐसे मामलों में केवल पति-पत्नी के रिश्ते के आधार पर फैसला नहीं किया जाता. यह देखना जरूरी होता है कि मामला किस नियम के दायरे में आता है और संबंधित व्यक्ति फैमिली पेंशन के लिए पात्र है या नहीं.

EPS फैमिली पेंशन में किसे मिलेगा लाभ?

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत मिलने वाली फैमिली पेंशन के नियम अलग हैं. इसमें पात्र पत्नी या पति और नियमों के मुताबिक पात्र बच्चे लाभार्थी हो सकते हैं. आम तौर पर दो पात्र बच्चों को 25 साल की उम्र तक पेंशन का लाभ मिल सकता है, बशर्ते वे योजना की शर्तें पूरी करते हों. आश्रित माता-पिता की पात्रता भी योजना के नियमों पर निर्भर करती है. उन्हें फैमिली पेंशन का लाभ संबंधित शर्तों के तहत तभी मिल सकता है, जब पात्र पत्नी या पति मौजूद न हों. ऐसे मामलों में पारिवारिक स्थिति, आश्रित होने की शर्तें और लागू नियम देखना जरूरी है.

Advertisement

फैमिली पेंशन और कानूनी उत्तराधिकार में अंतर

फैमिली पेंशन और कर्मचारी की संपत्ति या दूसरे रिटायरमेंट बेनेफिट्स को एक जैसा नहीं समझना चाहिए. फैमिली पेंशन किसी पात्र परिवार के सदस्य को संबंधित सेवा नियमों या योजना के तहत दी जाती है. यह कर्मचारी की संपत्ति की तरह नहीं होती, जिसका बंटवारा सामान्य उत्तराधिकार नियमों के आधार पर किया जाए. किसी खास योजना के तहत उत्तराधिकारी होने और उस योजना का लाभ पाने का पात्र होने में फर्क है.

इसलिए फैमिली पेंशन के साथ-साथ ग्रैच्युटी, प्रोविडेंट फंड और दूसरे रिटायरमेंट बेनेफिट्स के नियमों को भी अलग-अलग समझना जरूरी है. इन लाभों के लिए नॉमिनेशन की जानकारी अहम हो सकती है, लेकिन हर मामले में केवल नॉमिनी का नाम ही अंतिम फैसला नहीं करता. संबंधित योजना के नियम, पात्रता और दूसरे जरूरी दस्तावेज भी देखे जाते हैं.

फैमिली पेंशन का दावा खारिज होने पर क्या करें?

अगर किसी परिवार के सदस्य का फैमिली पेंशन का दावा खारिज हो जाता है, तो सबसे पहले उसे अस्वीकृति आदेश यानी रिजेक्शन ऑर्डर लेना चाहिए. इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि विभाग ने दावा किस आधार पर खारिज किया है. इसके बाद संबंधित कर्मचारी पर लागू सर्विस रूल्स और कानूनी प्रावधानों को समझना चाहिए. परिवार के सदस्य अपने दावे के समर्थन में रिश्ते के प्रमाण, कर्मचारी के सर्विस रिकॉर्ड, नॉमिनेशन से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात पेश कर सकते हैं.

Advertisement

अगर परिवार को लगता है कि दावा गलत तरीके से खारिज किया गया है या फैसला लागू नियमों के खिलाफ है, तो वह संबंधित विभाग में अपील कर सकता है. जरूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जा सकता है. इसमें संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हाई कोर्ट में याचिका दायर करने का विकल्प भी शामिल हो सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »