दीवाली से ठीक पहले देश में डेयरी सेक्टर की बड़ी कंपनी अमूल ने अपने मिल्क प्रोडक्ट्स की कीमतों में तगड़ी बढ़ोतरी (Amul Price Hike) का झटका दिया है. फेस्टिव डिमांड बढ़ने और कई मार्केट में सप्लाई की कमी की खबर के बीच अमूल अपना घी और मक्खन महंगा कर दिया है. Amul की ओर से कीमतों में की गई इस बढ़ोतरी से त्योहारों पर घर का खर्चे बढ़ने वाला है.
अमूल ने कीमतें क्यों बढ़ाई हैं?
अमूल ने अपने सामानों के दाम ऐसे समय में बढ़ाए हैं, जबकि त्योहारों पर लोग अपने घर में इस्तेमाल होने वाले डेयरी प्रोडक्ट्स की जमकर खरीदारी करते हैं. बात करें, Amul Price Hike के पीछे के कारण के बारे में, तो गुजरात और राजस्थान में ब्रांडेड घी की बढ़ती डिमांड के बीच कीमतों में यह चेंज किया गया है. रिपोर्ट्स में डिमांड में बढ़ोतरी को संदिग्ध मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स के खिलाफ कार्रवाई से जोड़ा गया है.
इतना महंगा हो गया घी और मक्खन
ताजा प्राइस हाइक को देखें, तो अमूल घी के 1 किलो वाले कार्टन की कीमत में सीधे 50 रुपये का इजाफा कर दिया गया है. वहीं अमूल मक्खन का 500 ग्राम का पैक 15 रुपये महंगा हो गया है. इन मिल्क प्रोडक्ट्स की ये बदली हुई कीमतें तब सामने आई हैं, जब गुजरात के कुछ हिस्सों में रिटेलर्स ने कुछ डेयरी प्रोडक्ट्स, खासकर गाय के घी की कम उपलब्धता की रिपोर्ट दी है.
नई कीमतों पर एक नजर
| प्रोडक्ट | पहले कीमत | अब कीमत |
| घी, 1 kg कार्टन | ₹630 | ₹680 |
| घी, 500 ग्राम पाउच | ₹325 | ₹345 |
| मक्खन, 100 ग्राम पैक | ₹63 | ₹66 |
| मक्खन, 500 ग्राम पैक | ₹310 | ₹325 |
रिपोर्ट में अमूल से जुड़े एक कोऑपरेटिव लीडर के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकारियों ने पिछले छह महीनों में दोनों राज्यों में लगभग 2 लाख kg संदिग्ध नकली घी ज़ब्त किया है. बताया जा रहा है कि इस डेवलपमेंट से ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की डिमांड बढ़ गई है, जिससे सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है और ये कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे बड़ी वजह है.
आजतक बिजनेस डेस्क