ग्लोबल स्तर पर एनर्जी संकट के कारण बहुत से सेक्टर प्रभावित हुए हैं. खासकर एविएशन सेक्टर पर तो इसका सीधा असर हुआ है, जहां एयरलाइंस कंपनियों को तेल के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. इसी के मद्देनजर, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस से फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है.
ATF की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने यह फैसला लिया है. इससे पहले इंडिगो ने यह चार्ज बढ़ाया था. फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का मतलब है कि ग्राहकों के किराए में बढ़ोतरी हो जाएगी. यह सरचार्ज घरेलू, नॉर्थ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और UK, वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट के लिए ग्राहकों को देना होगा.
कितनी हुई बढ़ोतरी
घरेलू उड़ानों के लिए 1001-1500 KM तक के सफर पर 850 रुपये का सरचार्ज कस्टमर्स से वसूला जाएगा. वहीं 1501 KM से ज़्यादा के फसर पर फिक्स्ड 1200 रुपये का सरचार्ज वसूला जाएगा. वहीं नॉर्थ अमेरिका के लिए 215 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप (UK सहित) के लिए 135 डॉलर का सरचार्ज देना होगा.
क्यों बढ़ाया गया ये सरचार्ज?
मिडिल ईस्ट में तनाव और फ्यूल के आवागमन प्रभावित होने के कारण दुनियाभर में महंगाई का संकट छाया हुआ है. तेल की कीमतें ऊपर जा रही हैं, डॉलर मजबूत होता जा रहा है, जिस कारण हवाई जहाज में पड़ने वाला फ्यूल ATF महंगा होता जा रहा है. इस कारण एयलाइंस ने फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की है. सरचार्ज बढ़ाने की बड़ी वजह है कि हर उड़ान की कुल ऑपरेशनल लागत का 40% हिस्सा ATF का होता है. अगर ये बढ़ोतरी नहीं की जाती है तो एयरलाइंस कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है.
एअर इंडिया ने क्या कहा?
एयरलाइंस ने कहा कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने आज घरेलू और कुछ चुनिंदा इंटरनेशनल रूट पर अपने फ्यूल सरचार्ज में बदलाव की घोषणा की है.
हाल के महीनों में ATF की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है, जिसकी मुख्य वजह जियोपॉलिटिकल घटनाक्रम और ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर लगातार बना हुआ दबाव है. फ्यूल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से एयरलाइंस की ऑपरेटिंग कॉस्ट और बढ़ गई है, क्योंकि एयरलाइन के कुल खर्च में फ्यूल का हिस्सा काफी बड़ा होता है.
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्यूल सरचार्ज में सोच-समझकर बदलाव किया है. इन बदलावों का मकसद बढ़ी हुई लागत के बोझ को कुछ हद तक कम करना है, साथ ही दोनों एयरलाइंस को अपने नेटवर्क पर भरोसेमंद और बेहतरीन सर्विस देना जारी रखने में मदद करना है.
बदला हुआ फ्यूल सरचार्ज उन नई बुकिंग के किराए में दिखेगा, जो एअर इंडिया एक्सप्रेस के लिए 9 अक्टूबर को 00:00 बजे (IST) से और एअर इंडिया के लिए 9 अक्टूबर को 11:00 बजे (IST) से की जाएंगी.
अमित भारद्वाज