भारत में आज भी ज्यादातर लोग पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में निवेश करते हैं, जो सिर्फ एक बचत या फंड ही नहीं बनाते, बल्कि लोगों को बीमा का भी लाभ देते हैं. करोड़ों लोग पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग सेविंग से लेकर इंश्योरेंस योजनाओं का लाभ उठाते हैं.
पोस्ट ऑफिस की ग्राम सुरक्षा योजना (Gram Suraksha Yojana) ऐसी ही एक स्कीम है. इस स्कीम के लिए अगर आप रोजाना सिर्फ 50 रुपये निकालें तो आप अपने लिए 35 लाख रुपये का रिटर्न बना सकते हैं.
यह रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस योजना का हिस्सा
पोस्ट ऑफिस की ग्राम सुरक्षा योजना Rural Postal Life Insurance Schemes Programme का हिस्सा है. इंडिया पोस्ट की वेबसाइट पर मिली जानकारी के अनुसार, रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भारत की ग्रामीण जनता के लिए 1995 में लॉन्च की गई थी.
35 लाख रुपये का रिटर्न
ग्राम सुरक्षा योजना के बारे में दी गई जानकारी के अनुसार, अगर कोई पात्र व्यक्ति इस स्कीम में हर महीने 1,500 रुपये यानी रोजाना महज 50 रुपये लगाता है तो उसे स्कीम के मैच्योर होने पर 35 लाख रुपये तक का रिटर्न मिल सकता है.
कौन ले सकता है इसका लाभ
इस योजना में 19 साल से 55 साल तक की उम्र का कोई भी व्यक्ति इनवेस्ट कर सकता है. इस स्कीम में 10,000 से लेकर 10 लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकता है. इसका प्रीमियम आप मंथली, क्वार्टरली, हाफ-इयरली और सालाना भर सकते हैं.
कितना देना होगा प्रीमियम?
प्रीमियम के भुगतान के लिए आपको 30 दिन की छूट मिलेगी. इस पॉलिसी की खास बात है कि इसे खरीदने के 4 साल के बाद लोन भी लिया जा सकता है. योजना के तहत अगर आप 19 साल की उम्र में 10 लाख रुपये की ग्राम सुरक्षा योजना खरीदते हैं, तो 55 साल के लिए आपको हर महीने 1,515 रुपये प्रीमियम भरना होगा. वहीं, 58 साल के लिए 1,463 रुपये और 60 साल के लिए 1,411 रुपये हर महीने जमा करने होंगे.
इस स्कीम में क्या है लाभ?
लाभ की बात करें तो निवेशक को 55 साल के लिए 31.60 लाख रुपये, 58 साल के लिए 33.40 लाख रुपये और 60 साल के लिए 34.60 लाख रुपये का मेच्योरिटी बेनिफिट मिलेगा. यह रकम व्यक्ति के 80 साल के होने के बाद उसको सौंप दी जाती है.
बोनस का भी लाभ
वहीं अगर व्यक्ति की मौत हो गई है, तो ये राशि व्यक्ति के कानूनी उत्तराधिकारी को मिलती है. ग्राहक 3 साल के बाद पॉलिसी सरेंडर करने का विकल्प चुन सकते हैं. हालांकि, उस स्थिति में इसके साथ कोई लाभ नहीं मिलेगा. पॉलिसी का सबसे बड़ा आकर्षण इंडिया पोस्ट की ओर से दिया जाने वाला बोनस है और अंतिम घोषित बोनस हर 1,000 रुपये पर सालाना 60 रुपये है.