कोरोना वायरस की वजह से हवाई सेवाएं बाधित हैं, जिस वजह से विमान ईंधन की खपत नहीं हो रही है, इस बीच तेल कंपनियों ने विमान ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में 23 फीसदी की भारी कटौती कर दी है.
यह कटौती अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट की वजह से हुई है. नई कटौती के बाद ATF की लागत पेट्रोल और डीजल की तुलना में एक-तिहाई यानी करीब 33 फीसदी रह गई है. हालांकि इस बीच रविवार को पेट्रोल और डीजल कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार दिल्ली में एटीएफ का दाम 6,812.62 रुपये प्रति किलोलीटर या 23.2 प्रतिशत की कटौती के साथ 22,544.75 रुपये प्रति किलोलीटर रह गया है.
नए अधिसूचना के मुताबिक बाजार मूल्य या बिना सब्सिडी केरोसिन का दाम 39,678.47 रुपये प्रति किलोलीटर (39.67 रुपये प्रति लीटर) पर आ गया है. इस तरह केरोसिन का दाम भी पेट्रोल और डीजल से काफी कम है.
गौरतलब है कि फरवरी से एटीएफ में यह छठी और सबसे बड़ी कटौती है. फरवरी से जेट ईंधन के दामों में करीब 66 फीसदी की कटौती हुई है. फरवरी में इसकी कीमत 64,323.76 रुपये प्रति किलोलीटर थी. अब यह घटकर 22,544.75 रुपये प्रति किलोलीटर पर आ गया है. अन्य महानगरों में भी विमान ईंधन की कीमतों में इतनी ही कटौती हुई है.