शेयर बाजार में लंबे समय के बाद लौटी तेजी पर ब्रेक लग सकता है. बुधवार को भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशों से फिर तबाही के संकेत मिल रहे हैं. एक ओर जहां जापान से लेकर साउथ कोरिया तक तमाम एशियाई शेयर बाजारों में तगड़ी गिरावट देखने को मिल रही है, तो वहीं सेंसेक्स-निफ्टी के लिए प्रमुख संकेतक माना जाने वाला गिफ्ट निफ्टी भी बुरी तरह टूटकर कारोबार कर रहा है.
कल धुआंधार तेजी, आज क्या होगा?
शेयर मार्केट में बीते कारोबारी दिन मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली थी और निवेशकों ने दिनभर के कारोबार के बाद 3.61 लाख करोड़ रुपये छाप डाले थे. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 685 अंकों की उछाल के साथ 73,067 के लेवल पर बंद हुआ था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स बाजार बंद होने पर 220 अंकों की तेजी लेकर 22,776 पर क्लोज हुआ था.
इन शेयरों ने मचाया था गदर
मंगलवार को जिन बड़े शेयरों ने दिनभर गदर मचाए रखा था, उनमें बीएसई की लार्जकैप कैटेगरी में शामिल Trent Share (12.78%), Kotak Bank Share (3.59%), HUL Share (2.83%), Reliance Share (2.77%), IndiGo Share (2.23%), Eternal Share (2.08%) की तेजी लेकर बंद हुए.
जापान से कोरिया तक मचा है कोहराम
भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशों से बुधवार को निगेटिव सिग्नल आ रहे हैं. एक ओर जहां जापान का निक्केई इंडेक्स (Japan Nikkei) करीब 700 अंक से ज्यादा फिसलकर कारोबार करता हुआ नजर आया, तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग (HangSeng) भी 150 अंक से ज्यादा फिसलकर ट्रेड कर रहा था. इसके अलावा बात साउथ कोरिया के प्रमुख इंडेक्स कोस्पी (KOSPI) की करें, तो इसमें भी गिरावट देखने को मिली है.
Gift Nifty से मिल रहे रेड सिग्नल
शेयर मार्केट के लिए जहां तमाम एशियाई बाजार से गिरावट के संकेत मिल रहे हैं, तो वहीं बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी के लिए सबसे बड़ा संकेतक माना जाने वाला गिफ्ट निफ्टी भी तेज गिरावट के साथ रेड सिग्नल दे रहा है. खबर लिखे जाने तक Gifty Nifty 100 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर कारोबार कर रहा था.
RBI के ऐलान का दिखेगा असर
भारतीय शेयर बाजार पर न सिर्फ एशियाई स्टॉक मार्केट्स में आई उथल-पुथल का असर देखने को मिल सकता है, बल्कि सेंसेक्स-निफ्टी पर भारतीय रिजर्व बैंक के फैसले का प्रभाव भी नजर आ सकता है. दरअसल, RBI MPC Meeting के नतीजे आज आने वाले हैं, गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे रेपो रेट पर लिए गए फैसले का ऐलान करेंगे, जिसका असर बाजार पर दिखेगा.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क