शेयर बाजार में मल्टीबैगर स्टॉक्स (Multibagger Stock) की कमी नहीं है, कोई न कोई स्टॉक ऐसा निकल जाता है जो बेहद कम समय में ही अपने निवेशकों को मालामाल कर देता है. ऐसा ही एक शेयर है आईटी और क्लाउड सर्विस से जुड़ी कंपनी E2E Networks का स्टॉक, जो पांच साल पहले 100 रुपये से भी कम कीमत पर मिल रहा था और अब इसका दाम 2800 रुपये के पार निकल चुका है. यानी इसने निवेशकों को तगड़ी कमाई कराई है.
अब कंपनी ने एक बड़ा फैसला लिया है और स्टॉक स्प्लिट करने का ऐलान किया है. इसका रेशियो 1:10 होगा यानी ई2ई नेटवर्क्स का एक शेयर 10 टुकड़ों में बंटने वाला है. आइए जानते हैं कंपनी के इस कदम से निवेशकों पर क्या असर होगा.
1 लाख को बनाया 28 लाख रुपये
E2E Networks का शेयर बीते पांच साल से भी कम समय में अपने निवेशकों के लिए पैसे छापने की मशीन बन गया है. इसका अंदाजा इस बात ये लगाया जा सकता है कि इस शेयर का प्राइस 100 रुपये से भी कम था, जो 2800 रुपये के पार ट्रेड कर रहा है.
17 जून 2022 को एक शेयर की कीमत सिर्फ 98 रुपये थी और मंगलवार को खबर लिखे जाने तक इसका भाव 28.44.40 रुपये पर पहुंच गया था. इस हिसाब से निवेशकों को मिले रिटर्न का कैलकुलेशन करें, तो 2786% रहा है. इसका मतलब ये है कि अगर किसी निवेशक ने उस समय इस शेयर में 1 लाख रुपये का निवेश किया होगा और उसे अब तक होल्ड रखा होगा, तो उसकी रकम बढ़कर अब 28,86,000 रुपये हो गई होगी.
10 टुकड़ों में बंटने जा रहा शेयर
इस मल्टीबैगर शेयर (Multibagger Stock) को लेकर कंपनी ने अब बड़ा फैसला लिया है और स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड से शेयर को 10 टुकड़ों में बांटने की मंजूरी मिल गई है. यानी अब 1 शेयर रखने वाले के पास 10 शेयर होंगे. इस प्रक्रिया के तहत 10 रुपये की फेसवैल्यू वाले शेयर की फेसवैल्यू 1 रुपये रह जाएगी.
इसे सीधे शब्दों में समझें तो निवेशकों के पोर्टफोलियो में इस स्टॉक की संख्या बिना नई खरीद के ही बढ़ जाएगी. हालांकि, उनकी इन्वेस्टमेंट वैल्यू पर असर नहीं होगा. हालांकि, अभी तक कंपनी ने इसके कंपनी लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है.
स्टॉक स्प्लिट की खबर से अपर सर्किट
कंपनी के Stock Split के फैसले का असर इसके शेयर पर मंगलवार को साफ देखने को मिला है. बीते कारोबारी दिन गिरावट के साथ रेड जोन में बंद हुआ ई2ई शेयर, आज जोरदार तेजी के साथ ओपन हुआ. E2E Networks Share ने पिछले बंद 2704 रुपये की तुलना में चढ़कर 2736 रुपये पर ओपन हुआ था और फिर दो सिर्फ 15 मिनट के कारोबार के बाद ही ये रॉकेट बन गया और इसमें 5 फीसदी का अपर सर्किट (Upper Circuit) लग गया. इसका प्राइस एक झटके में उछलकर 2844.40 रुपये पर पहुंच गया.
शेयर में आई तेजी के चलते कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी बढ़ा और ये 5850 करोड़ रुपये हो गया. बता दें कि इस शेयर का 52 वीक का हाई लेवल 2894.70 रुपये है, जबकि इसका 52 सप्ताह का लो-लेवल 1732.10 रुपये है. पिछले पांच दिन में ही ये स्टॉक 12 फीसदी चढ़ चुका है.
क्या होता है स्टॉक स्प्लिट?
कंपनियां द्वारा अपने शेयर का Stock Split करने का उद्देश्य यह होता है, कि लिक्विडिटी बढ़े और उसके स्टॉक निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक हो सकें. खासतौर पर छोटे निवेशकों के लिए, क्यों इसके जरिए एक शेयर टुकड़ों में बंट जाता है और उसकी कीमत कम हो जाती है. इससे कंपनी का इन्वेस्टर बेस भी मजबूत होता है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क