बीमा पॉलिसी लेते समय किसी को रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी की चिंता होती है, तो कोई अस्पताल के खर्च और गंभीर बीमारी से परिवार की आर्थिक सुरक्षा चाहता है. भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने इन अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन नए प्लान पेश किए हैं.
इनमें रिटायरमेंट के बाद गारंटीड इनकम देने वाला प्लान, अस्पताल में भर्ती होने पर तय रकम देने वाला हेल्थ प्लान और कैंसर की पहचान होने पर आर्थिक मदद देने वाला कवर शामिल है. तीनों प्लान 19 अक्टूबर, 2026 से खरीदने के लिए उपलब्ध हैं. आइए, आसान भाषा में समझते हैं कि किस प्लान में क्या फायदा मिलेगा और किसके लिए यह उपयोगी हो सकता है...
अगर आप रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का इंतजाम करना चाहते हैं, तो एलआईसी का न्यू जीवन धारा-II प्लान आपके लिए एक विकल्प हो सकता है. यह एक व्यक्तिगत बचत आधारित डिफर्ड एन्युटी प्लान है. इसमें चुनी गई अवधि पूरी होने के बाद जीवनभर एन्युटी यानी नियमित भुगतान पाने का प्रावधान है. इस प्लान की प्रमुख खूबियां...
गारंटीड एन्युटी रेट: पॉलिसी शुरू करते समय लागू एन्युटी रेट की गारंटी मिलती है.
कई विकल्प: ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार नियमित प्रीमियम या एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुन सकते हैं.
सिंगल या जॉइंट लाइफ: उपलब्ध विकल्पों के तहत अकेले या संयुक्त जीवन के आधार पर एन्युटी चुनी जा सकती है.
टॉप-अप की सुविधा: तय अवधि के दौरान अतिरिक्त प्रीमियम देकर एन्युटी बढ़ाने का विकल्प उपलब्ध है.
अधिक प्रीमियम पर इंसेंटिव: अधिक प्रीमियम या खरीद राशि पर इंसेंटिव मिल सकता है. मौजूदा पॉलिसीधारकों और मृत पॉलिसीधारकों के नामित व्यक्तियों या लाभार्थियों के लिए भी इंसेंटिव का प्रावधान है.
कौन ले सकता है पॉलिसी?
इस पॉलिसी में एंट्री की न्यूनतम उम्र 18 साल है. अधिकतम आयु 65/70 वर्ष (पिछले जन्मदिन के अनुसार) है, जिसमें से चुने गए एन्युटी विकल्प के आधार पर 'डेफरमेंट पीरियड' (स्थगन अवधि) को घटा दिया जाएगा. सभी एन्युइटी विकल्पों के लिए न्यूनतम वेस्टिंग आयु 30 वर्ष है, जबकि अधिकतम वेस्टिंग आयु 65/70 वर्ष (अंतिम जन्मदिन) है, जो चुने गए एन्युइटी विकल्प पर निर्भर करती है.
अस्पताल में भर्ती होने पर इलाज के अलावा कमरे, जांच और दूसरी सुविधाओं पर भी खर्च हो सकता है. ऐसे समय में आर्थिक मदद के लिए एलआईसी का हेल्थ शील्ड प्लान एक विकल्प है. यह पर्सनल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम है, जिसमें तय हेल्थ रिस्क के लिए निश्चित लाभ दिए जाते हैं.
इस प्लान में क्या मिलेगा?
डेली हॉस्पिटल कैश: अस्पताल में भर्ती रहने पर पॉलिसी के नियमों के अनुसार हर दिन तय रकम मिल सकती है.
बड़ी सर्जरी पर एकमुश्त भुगतान: निर्धारित बड़ी सर्जरी होने पर एकमुश्त लाभ दिया जाता है.
गंभीर बीमारियों का कवर: तय गंभीर बीमारियों के लिए भी एकमुश्त भुगतान का प्रावधान है.
प्रीमियम में स्थिरता: पॉलिसी अवधि के दौरान प्रीमियम की गारंटी रहती है.
नो-क्लेम बेनिफिट: क्लेम नहीं करने पर उपलब्ध नियमों के अनुसार हेल्थ कवर बढ़ सकता है.
प्रीमियम वेवर: मेन इंश्योर्ड पर्सन की मृत्यु होने पर अन्य इंश्योर्ड मेंबर्स के लिए प्रीमियम वेवर का लाभ मिल सकता है. यह पॉलिसी की शर्तों के अधीन होगा.
राइडर का विकल्प: अतिरिक्त प्रीमियम देकर उपलब्ध राइडर के जरिए सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है.
परिवार के लिए कौन ले सकता है?
इस पॉलिसी के लिए मेन इंश्योर्ड पर्सन की एंट्री एज 18 से 65 साल रखी गई है. परिवार के अन्य सदस्यों में 90 दिन पूरे कर चुके बच्चों से लेकर 20 साल तक के बच्चों को भी निर्धारित शर्तों के तहत कवर किया जाता है. इस प्लान की पॉलिसी अवधि और प्रीमियम भरने की अवधि दोनों 15 साल हैं.
कैंसर के इलाज में लंबे समय तक खर्च हो सकता है और बीमारी के कारण कमाई भी प्रभावित हो सकती है. ऐसे जोखिम से निपटने के लिए एलआईसी ने न्यू कैंसर कवर पेश किया है. यह एक पर्सनल हेल्थ इंश्योरेंस प्लान है, जिसमें पॉलिसी के तहत तय शुरुआती या गंभीर चरण के कैंसर का पता चलने पर आर्थिक लाभ दिया जाता है. भुगतान वास्तविक इलाज खर्च के बजाय पॉलिसी में तय राशि के आधार पर होता है. इस प्लान के लिए एंट्री की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 65 साल है.
कैंसर के किस स्टेज में कितना लाभ मिलेगा?
फर्स्ट स्टेज का कैंसर: निर्धारित शुरुआती चरण के कैंसर का पता चलने पर लागू बीमा राशि का 25% भुगतान किया जाएगा.
क्रिटिकल स्टेज का कैंसर: निर्धारित गंभीर चरण के कैंसर की पहचान होने पर लागू बीमा राशि का 100% भुगतान किया जाएगा.
10 साल तक मासिक आय: गंभीर चरण के कैंसर की स्थिति में लागू बीमा राशि का 1% हर महीने 10 साल तक देने का प्रावधान है. पॉलिसीधारक की मृत्यु होने पर शर्तों के अनुसार यह भुगतान नामित व्यक्ति को मिल सकता है.
बीमा राशि चुनने का विकल्प: ग्राहक समान बीमा राशि या समय के साथ बढ़ने वाली बीमा राशि का विकल्प चुन सकते हैं.
प्रीमियम वेवर: पात्र कैंसर की पहचान होने पर पॉलिसी की शर्तों के अनुसार प्रीमियम वेवर का लाभ मिल सकता है.
तीनों प्लान कैसे खरीदें?
एलआईसी के ये तीनों प्लान 19 अक्टूबर 2026 से खरीदने के लिए उपलब्ध हैं. ग्राहक इन्हें दो तरीकों से खरीद सकते हैं:
ऑफलाइन: एलआईसी के लाइसेंस प्राप्त एजेंट, कॉर्पोरेट एजेंट, बीमा ब्रोकर और बीमा मार्केटिंग फर्म के जरिए.
ऑनलाइन: एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट [www.licindia.in](https://www.licindia.in/) के माध्यम से.
पॉलिसी लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पॉलिसी खरीदने से पहले प्रीमियम, लाभ की शर्तें, अपवाद, वेटिंग पीरियड (यदि लागू हो), क्लेम प्रोसेस और पॉलिसी डॉक्यूमेंट जरूर पढ़ें. केवल किसी एक लाभ के आधार पर फैसला न लें; अपनी जरूरत और भुगतान क्षमता के हिसाब से विकल्प चुनें.
आजतक बिजनेस डेस्क