क्या हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को एक फिर फिर शेयर बाजार क्रैश (Stock Market Crash) होगा? सेंसेक्स-निफ्टी (Sensex-Nifty) बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए थे, लेकिन इन इंडेक्स के लिए आज विदेशों से बेहद खराब सिग्नल आ रहे हैं. दरअसल, एशियाई शेयर बाजार क्रैश (Asian Market Crash) हो गए हैं.
जापान का निक्केई हो या फिर साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स हर ओर कोहराम मचा हुआ नजर आ रहा है. दूसरी ओर गिफ्ट निफ्टी भी गिरावट के साथ रेड जोन में कारोबार कर रहा है. Nikkei 4.10% की बड़ी गिरावट लेकर कारोबार कर रहा था, तो Kospi 5% फिसलकर कारोबार कर रहा था.
एशियाई बाजारों में मचा है कोहराम
सोमवार को सभी एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा हुआ है. जापान का निक्केई इंडेक्स 4.10 फीसदी टूटकर 50,800 के लेवल तक गिरकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स करीब 3 फीसदी फिसलकर 24,532 पर ट्रेड करता दिखा. यही नहीं साउथ कोरिया के कोस्पी में कारोबार की शुरुआत के बाद ही अचानक बड़ा क्रैश आ गया और ये 5.10 फीसदी टूटकर 5,409 पर आ गया.
सिर्फ इतने ही नहीं, बल्कि अन्य एशियन मार्केट्स भी रेड जोन में तेज गिरावट लेकर कारोबार कर रहे थे. इनमें DAX (2.01%), CAC (1.90%) और FTSE-100 (1.50%) टूटे हुए थे.
गिफ्ट निफ्टी भी लाल निशान पर
बात गिफ्ट निफ्टी की करें, तो ये इंडेक्स भी खुलने के साथ ही टूटा हुआ नजर आया और गिरावट के साथ रेड जोन में ट्रेड कर रहा था. Gift Nifty खबर लिखे जाने तक करीब 50 अंक से ज्यादा फिसलकर 23,737 पर ट्रेड कर रहा था. इससे पहले बीते शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी भर-भराकर टूटे थे. डाउ जोंस और डाउ फ्यूचर्स करीब 1 फीसदी फिसलकर बंद हुए थे.
एशियाई बाजारों से मिल रहे इन निगेटिव संकेतों का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है, जो बीते सप्ताह बड़े उतार-चढ़ाव से गुजरा था.
बीते शुक्रवार को आई थी बाजार में तेजी
बात करें, बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स-निफ्टी की चाल के बारे में, तो एक दिन पहले गुरुवार को क्रैश होने के बाद दोनों इंडेक्स रिकवरी मोड में नजर आए थे. मार्केट क्लोज होने पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (BSE Sensex) 325.72 अंक की तेजी के साथ 74,532.96 के लेवल पर बंद हुआ था, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) भी सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलते हुए 112.35 अंकों की बढ़त लेकर 23,114.50 पर क्लोज हुआ था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क