भारत और अमेरिका के बीच हुई अंतरिम ट्रेड डील (India-US Trad Deal) को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील से जुड़ी तमाम चीजों को फाइनल करने के लिए वाशिंगटन में होने वाली चीफ वार्ताकारों की प्रस्तावित बैठक को रीशेड्यूल करने का फैसला लिया गया है. भारतीय टीम 23 फरवरी को तीन दिन की मीटिंग शुरू करने वाली थी.
क्यों टाली गई India-US बैठक?
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से जुड़े एक सूत्र ने भारत-US ट्रेड डील के लिए भारतीय वार्ताकारों की टीम के अमेरिकी दौरे के बारे में दोनों पक्षों की राय के बारे में जानकारी शेयर की. इसमें मीटिंग को टालने का कारण बताते हुए कहा गया है कि दोनों पक्षों का मानना है कि भारतीय चीफ नेगोशिएटर और टीम का प्रस्तावित दौरा तब तय किया जाए, जब दोनों को लेटेस्ट डेवलपमेंट और उनके असर को समझने का समय मिल जाए. Trade Deal पर होने वाली इस मीटिंग को आपसी सहमति से तय तारीख पर रीशेड्यूल किया जाएगा.
टैरिफ पर ट्रंप की हार के बाद आई खबर
गौरतलब है कि अमेरिकी सु्प्रीम कोर्ट (US Supreme Court) में टैरिफ पर डोनाल्ड ट्रंप की हार हुई है और अदालत ने रेसिप्रोकल टैरिफ को गैरकानूनी बताते हुए रद्द कर दिया है. इन घटनाक्रमों के बाद अचानक ये बैठक टलने की खबर सामने आई है.
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ पर फेसले के बाद डेवलपमेंट अहम है. बता दें कि अदालत के फैसले के बाद बीते शुक्रवार को ही Donald Trump ने धारा 122 का इस्तेमाल करते हुए अगले 150 दिनों के लिए भारत समेत दुनिया के सभी देशों पर 10 फीसदी का टैरिफ लगाने का ऐलान किया था और इसके 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने इसे बढ़ाकर 15% कर दिया है.
कब होगी Trade Deal फाइनल?
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील (India-US Trade Deal) पर सहमति बन गई थी और इसे लेकर फ्रेमवर्क व फैक्टशीट भी जारी की जा चुकी है. डील को लेकर बीते दिनों केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने बड़ा अपडेट देते हुए बताया था कि India-US के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर मार्च में साइन हो सकते हैं, जबकि ये अप्रैल में लागू हो सकती है.
इस बीच उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच इस अंतरिम व्यापार समझौते के लीगल ड्राफ्ट को अंतिम रूप जल्द दिया जाएगा और इसके लिए 23 फरवरी से US में तीन दिवसीय बैठक होगी. लेकिन अब नए अपडेट को देखें तो इस बैठक को रीशेड्यूल कर दिया गया है.
आजतक बिजनेस डेस्क