बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का नतीजा आ गया है. जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है. 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद 3 अगस्त को पटना के बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई थी. नतीजे आने के कुछ देर बाद सीएम सम्राट चौधरी का पहला बयान सामने आया है. उन्होंने जनता के फैसले का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी.
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि 'लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जन सुराज को चुना है. मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं'. यह बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे आने के बाद उनकी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया है.
पहले चुनाव में ही दर्ज की बड़ी जीत
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है. ऐसे में प्रशांत किशोर की जीत को जन सुराज के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है. यह उनका पहला चुनाव था और उन्होंने अपनी चुनावी पारी जीत के साथ शुरू की.
यह भी पढ़ें: 'अपराधी को CM बनाएंगे तो तरक्की नहीं होगी', बांकीपुर में बढ़त के बीच PK का बीजेपी पर हमला
सोमवार को पटना के बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में हुई मतगणना में जन सुराज के प्रशांत किशोर ने शुरुआती राउंड से बढ़त बनाए रखी. आखिर में उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराकर जीत दर्ज की. वहीं, आरजेडी की रेखा कुमारी 14,085 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
जीत के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर?
नतीजों के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पहली जिम्मेदारी बांकीपुर की जनता के भरोसे पर खरा उतरना है. उनका कहना था कि क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए तुरंत काम शुरू किया जाएगा. उन्होंने बड़े वादों से बचते हुए कहा कि बांकीपुर रातोंरात नहीं बदलेगा, लेकिन अगले दो से तीन महीनों में लोग बदलाव महसूस करेंगे.
यह भी पढ़ें: 'इतनी बड़ी जीत की उम्मीद नहीं थी', बांकीपुर उपचुनाव नतीजों पर बोलीं प्रशांत किशोर की पत्नी
बांकीपुर उपचुनाव का नतीजा सिर्फ एक सीट की जीत-हार तक सीमित नहीं रहा. बीजेपी के मजबूत गढ़ में जन सुराज की जीत ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि प्रशांत किशोर अपने चुनावी वादों को जमीन पर कैसे उतारते हैं.
aajtak.in