बिहार के समस्तीपुर जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हिंसा भड़क गई. नागरबस्ती और रामनगर इलाके में हुए बवाल के दौरान जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले. इस हिंसा में पुलिस के एक जवान समेत कई लोग घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हालात को नियंत्रित किया गया. फिलहाल प्रशासन के मुताबिक स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: खेत में लाश, गला दबाकर हत्या और अनजान कातिल... पुलिस के लिए पहेली बनी समस्तीपुर के अमीन की डेथ मिस्ट्री
बताया जा रहा है कि पहली घटना नागरबस्ती में हुई, जहां ताजिया मिलान के लिए कई अखाड़ों की टीमें पहुंची थीं. कार्यक्रम के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते हिंसा शुरू हो गई.
दुकान में लाठी लगने के बाद शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे आखिर में मथुरापुर का अखाड़ा करतब दिखाने पहुंचा था. इसी दौरान करतब के दौरान एक लाठी पास की दुकान में लग गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला बढ़ गया.
आरोप है कि इसी दौरान एक समुदाय के कुछ लोगों ने घरों की छतों से पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके जवाब में दूसरी ओर से भी पत्थर फेंके जाने लगे. कुछ ही देर में पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया.
दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे. हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर मौजूद दो डीएसपी और पुलिसकर्मियों को भी अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय लोगों के सहयोग से भीड़ को शांत कराया गया.
रामनगर में फिर भड़की हिंसा, पुलिस टीम पर भी हमला
पहली घटना के कुछ घंटे बाद रात में रामनगर इलाके में मोहर्रम का जुलूस पहुंचा. इसी दौरान किसी उपद्रवी ने जुलूस पर पत्थर फेंक दिया. इसके बाद वहां भी दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे.
अफरा-तफरी के बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. जब पुलिस की टीम विवाद को शांत कराने पहुंची तो उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया.
हमले में पुलिस का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.
डीएम-एसपी के निर्देश पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम रौशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को दोनों इलाकों में तैनात किया गया. अधिकारियों ने लगातार मौके पर निगरानी रखी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.
प्रशासन और स्थानीय लोगों की पहल के बाद देर रात दोनों इलाकों में हालात सामान्य किए गए. फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है.
जहांगीर आलम