रोहतास जिले के सासाराम में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसमें दिखाई दे रहे दृश्य बेहद चिंताजनक हैं. यह घटना सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद इलाके की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, हसन रजा खान की दिनदहाड़े बीच सड़क पर कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक के पैर में रस्सी बांधकर उसे सड़क पर घसीटा जा रहा है. इस दौरान एक व्यक्ति लगातार उस पर लाठी-डंडों से वार करता नजर आ रहा है. आसपास से लोग गुजर रहे हैं और वाहन भी आ-जा रहे हैं, लेकिन कोई भी इस घटना को रोकने के लिए आगे नहीं आता दिख रहा है.
जमीन विवाद में दिनदहाड़े हुई हत्या से फैली सनसनी
बताया जा रहा है कि यह घटना जमीन के पुराने विवाद को लेकर हुई. आरोप है कि हत्या के बाद शव को एक गाड़ी में डालकर दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
भीड़ के सामने होती रही पिटाई, कोई नहीं आया बचाने
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी जांच की जा रही है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति हसन रजा खान ही है या नहीं. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
रंजन कुमार