पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में एक होटल के कमरे में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि प्रेमी ने युवती को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती की पहचान पटना में पढ़ाई के दौरान औरंगाबाद निवासी अभिजीत कुमार से हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और वे लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे. इस दौरान अभिजीत ने युवती को नौकरी और शादी का झांसा दिया और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए.
शादी का झांसा देकर बुलाया होटल
कुछ समय बाद युवती को जानकारी मिली कि अभिजीत किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है. इस पर उसने अभिजीत से बात की. इसके बाद अभिजीत ने युवती को शास्त्री नगर क्षेत्र के पी साही ओयो होटल में मिलने के लिए बुलाया. होटल में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ.
आरोप है कि विवाद के बाद अभिजीत ने युवती को जबरन शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद वह युवती को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब युवती को होश आया तो उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
पटना के डीएसपी साकेत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सुजीत कुमार