पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कई मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पहले सरकार कहती थी कि मंगलसूत्र पहनोगे तो छीन लिए जाएंगे, लेकिन अब बिना मंगलसूत्र के ही शादी करने की बात की जा रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री के उस बयान पर भी कटाक्ष किया जिसमें एक साल तक सोना ना खरीदने की अपील की गई थी.
पप्पू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सर्राफा बाजार पर सीधा हमला किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने देश की सुरक्षा को कभी गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने कहा कि अब डीजल और गाड़ियों पर भी प्रतिबंध जैसी बातें सामने आ रही हैं, जबकि चुनाव से पहले ये मुद्दे नजर नहीं आए थे. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री खुद विदेश यात्राओं पर करोड़ों खर्च करते हैं, जबकि आम आदमी परेशान है.
सोना और मंगलसूत्र बयान पर सरकार को घेरा
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का अब तक का सबसे कमजोर और असुरक्षित प्रधानमंत्री बताया. साथ ही कहा कि भारत अमेरिका की दया पर चल रहा है. पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों को लगातार परेशान कर रही है. NEET परीक्षा विवाद पर बोलते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पिछले साल जब अफसरशाही और नेताओं के बच्चों ने परीक्षा दी थी, तब उसे रद्द नहीं किया गया था. लेकिन इस बार गरीब और मेधावी छात्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई. उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग पेपर लीक रोक नहीं सकते, वे देश कैसे चला पाएंगे और भ्रष्टाचार कैसे रोक पाएंगे.
NEET परीक्षा रद्द मामले में पक्षपात का आरोप
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा पेपर लीक की घटनाएं गुजरात, राजस्थान और बिहार में सामने आती हैं. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जब बच्चों की सुरक्षा ही सुरक्षित नहीं है तो देश कैसे सुरक्षित रहेगा. पप्पू यादव ने कहा कि सरकार केवल आम लोगों को परेशान करने में लगी है और असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है.
स्मित कुमार