मुजफ्फरपुर अग्निकांड: ICU में 6 मौतों के बाद एक्शन, प्रसाद हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए आईसीयू अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. हादसे में छह मरीजों की मौत हुई थी.

Advertisement
प्रसाद अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया गया. (Photo: ITG) प्रसाद अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया गया. (Photo: ITG)

मणि भूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:23 AM IST

मुजफ्फरपुर के चर्चित प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण आईसीयू अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं गंभीर लापरवाही को देखते हुए सिविल सर्जन ने अस्पताल का निबंधन (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

गुरुवार सुबह अस्पताल के आईसीयू में लगी आग में छह मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे. इस घटना को स्वास्थ्य विभाग ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने और आवश्यक सतर्कता नहीं बरतने के कारण यह हादसा हुआ.

Advertisement

इसी आधार पर अस्पताल का निबंधन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. साथ ही अस्पताल संचालक एवं प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी कर 7 दिनों के भीतर तथ्यपरक स्पष्टीकरण, आवश्यक अभिलेख एवं साक्ष्य उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रसाद हॉस्पिटल का निबंधन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही 7 दिनों के भीतर शो-कॉज नोटिस का जवाब मांगा गया है.

घटना से पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह अस्पताल के आईसीयू में अचानक आग लग गई थी. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. आग लगने के बाद आईसीयू में तेजी से धुआं भर गया, जिससे वहां भर्ती गंभीर मरीजों को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका. हादसे में 6 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है.

Advertisement

घटना के बाद पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार भी किया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल प्रबंधन एवं संचालकों के खिलाफ आगे और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »