'पापा, अब आपकी एक ही बेटी है...', आखिरी कॉल के बाद विवाहिता ने नदी में लगाई मौत की छलांग

मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर पुल से रविवार दोपहर एक विवाहिता ने बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगाकर जान दे दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला नदी की तेज धारा में करीब 200 मीटर दूर आश्रम घाट तक बह गई. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

Advertisement
उफनती नदी में 200 मीटर बह गई लाश जिसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला (Photo-Screengrab) उफनती नदी में 200 मीटर बह गई लाश जिसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला (Photo-Screengrab)

मणि भूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:17 AM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां सिकंदरपुर पुल से एक विवाहिता ने बूढ़ी गंडक नदी की उफनती धारा में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. दिल दहला देने वाली बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले महिला ने अपने पिता को फोन किया और रोते हुए कहा, "पापा... अब आपकी एक ही बेटी है, मैं आत्महत्या करने जा रही हूं."

Advertisement

यह कहते ही उसने फोन काट दिया और मोबाइल बंद कर लिया. जब तक परिजन कुछ समझ पाते और उसे तलाशते, तब तक उसने बूढ़ी गंडक नदी में मौत की छलांग लगा दी थी. स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के आसमा गांव निवासी जयनंदन राम की पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह उसने अपने पिता को फोन कर कहा, "पापा, अब आपकी एक ही बेटी है... मैं आत्महत्या करने जा रही हूं." इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. 

यह भी पढ़ें: 'थानेदार भी ठाकुर, आरोपी भी ठाकुर... ब्राह्मण को नहीं मिला न्याय!' औरैया में सुसाइड से पहले डॉ. सौरभ बाजपेई ने फेसबुक लाइव पर बयां किया दर्द

Advertisement

परिजनों ने बताया कि अंशु की शादी दो वर्ष पहले बेरई गांव में हुई थी. शादी के बाद से पति और ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था. पिछले एक महीने से वह मायके में रह रही थी और पति से फोन पर भी अक्सर कहासुनी होती थी. हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने अंशु कुमारी को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के पीछे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »