बिहार के मधुबनी जिले में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के भंगीडीह गांव की है, जहां बुधवार सुबह तालाब किनारे एक पेड़ से लटका हुआ शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी तेजू पासवान के पुत्र पुलिंदर पासवान के रूप में हुई. शव मिलने की खबर के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिंदर पासवान का भंगीडीह गांव की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे और मिलते-जुलते थे. परिजनों का दावा है कि इस संबंध की जानकारी युवती के परिवार वालों को भी थी. परिवार के मुताबिक मंगलवार रात युवक को युवती के परिवार की ओर से बुलाया गया था. आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया ताकि घटना को किसी और रूप में दिखाया जा सके.
तालाब किनारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव
मृतक की मां ने बताया कि उनके बेटे को पहले भी कई बार धमकियां मिलती थीं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. शव मिलने के बाद गांव में तनाव का माहौल देखा गया। लोगों की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है.
बेनीपट्टी के एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि शव पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए मामला हत्या का प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. एसडीपीओ के अनुसार इस मामले में एक युवती और उसके दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. उनका कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
वहीं मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल सेल की मदद ली जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है. वहीं युवक की मौत ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
aajtak.in