'… तो खान सर का कोचिंग सेंटर सील कर देंगे', बिहार फायर सर्विस की चेतावनी

फायरिंग केस में FIR, फिर गिरफ्तारी की आशंका से जूझ रहे खान सर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. अब उनके KGS कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी नियमों की कमियां मिलने पर बिहार अग्निशमन सेवा ने चेतावनी दी है. अधिकारियों ने खामियां दूर करने का निर्देश दिया है. ऐसा नहीं होने पर कोचिंग सेंटर को सील करने समेत सख्त कार्रवाई की जा सकती है.

Advertisement
FIR दर्ज होने के बाद खान सर अब अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे (फाइल फोटो) FIR दर्ज होने के बाद खान सर अब अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे (फाइल फोटो)

शशि भूषण कुमार

  • पटना,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:03 AM IST

बिहार के खान सर (फैजल खान) की मुश्किलें इन दिनों कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. एक तरफ फायरिंग से जुड़े मामले में उनपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है, अब दूसरी तरफ उनके KGS कोचिंग सेंटर में कुछ कमियां पाई गई हैं. इनको लेकर बिहार अग्निशमन सेवा की तरफ से साफ चेतावनी दी गई है, कि नियमों का अनुपालन नहीं हुआ तो कोचिंग को सील तक किया जा सकता है.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, फैजल खान के KGS कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी का अनुपालन नहीं होने का मामला सामने आया था. बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार ने इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि KGS कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी को लेकर कमियां पाई गई हैं और इनको दूर करने का निर्देश दिया गया है.

अधिकारी ने आगे कहा कि अगर कमियों को दूर नहीं किया गया तो KGS कोचिंग सेंटर को सील करने समेत अन्य तरह की कार्रवाई जिला अग्निशमन अधिकारी करेंगे.

KGS कोचिंग सेंटर का फायर सेफ्टी सर्वे क्यों हुआ, ये फिलहाल सामने नहीं आया है. लेकिन बीते दिनों बिहार के मुजफ्फरपुर के हॉस्पिटल में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें ICU में भर्ती 6 मरीजों की जान चली गई थी. इसके बाद प्रशासन हरकत में है.

फायरिंग विवाद में फंसे खान सर

Advertisement

बता दें कि खान ग्लोबल स्टडीज के पटना में दो सेंटर्स हैं. इसमें एक बोरिंग रोड, दूसरा मुसल्लहपुर हाट में है. यहीं पर फायरिंग कांड हुआ था. दरअसल, 2 जून को खान सर की कोचिंग के बाहर हंगामा, पथराव और फायरिंग की घटना हुई. दावा किया गया कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के लोगों ने कोचिंग पर हमला किया और गोलीबारी की. लेकिन फिर वीडियो सामने आया.

पुलिस ने बताया कि वीडियो में खान सर के कोचिंग संस्थान के दो गार्ड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद दोनों गार्डों को हिरासत में लिया गया और उनके हथियार जब्त कर जांच शुरू की गई. गार्डों ने पूछताछ में दावा किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर फायरिंग की थी. फिर FIR दर्ज हुई, जिसमें खान सर और उनके दो गार्डों का नाम शामिल है. दोनों गार्ड के पकड़े जाने के बाद अब खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. फिलहाल खान सर सरेंडर नहीं करेंगे और अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) लगाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »