बिहार के खगड़िया जिले में बदमाशों के दुस्साहस का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित कोठिया मधुवा घाट पर मंगलवार देर शाम मुफ्त में मछली नहीं मिलने से नाराज बदमाशों ने एक मछुआरे की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसके साथी को गंभीर रूप से घायल कर दिया. मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामबालक सहनी के रूप में हुई है, जबकि घायल दामोदर सहनी का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार रामबालक सहनी और दामोदर सहनी नाव पर सवार होकर बूढ़ी गंडक नदी में मछली पकड़ रहे थे. इसी दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और उनसे मछली की मांग करने लगे. उस समय दोनों मछुआरों के पास मछली नहीं थी, इसलिए वे बदमाशों की मांग पूरी नहीं कर सके.
अक्सर फ्री में मछली मांगते थे बदमाश
घायल दामोदर सहनी ने बताया कि कुछ देर बाद तीन बदमाश हथियारों के साथ वापस आए. उन्होंने नाव को किनारे लगवाया और फिर पतवार तथा बांस के बल्लों से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में रामबालक सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दामोदर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने आरोप लगाया कि बदमाश अक्सर नदी में मछली पकड़ने के दौरान मुफ्त में मछली ले जाते थे. इस बार मछली नहीं मिलने पर उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 मुकुल कुमार रंजन सदर अस्पताल पहुंचे और घायल व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि दो मछुआरों के साथ मारपीट की घटना हुई है, जिसमें एक की मौत हो गई है. प्रारंभिक जांच में मछली के विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
स्वतंत्र कुमार सिंह