मंचूरियन और कढ़ाई पनीर खाकर युवक की मौत, भाई- दोस्त की हालत गंभीर, रेस्टोरेंट सील  

भभुआ में रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और दोस्त गंभीर रूप से बीमार हैं. मंचूरियन और कढ़ाई पनीर खाने के बाद तबीयत बिगड़ी. प्रशासन ने रेस्टोरेंट सील कर जांच शुरू कर दी है. घटना ने खाने की गुणवत्ता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
रेस्टोरेंट का कढ़ाई पनीर खाकर युवक की मौत (Photo: itg) रेस्टोरेंट का कढ़ाई पनीर खाकर युवक की मौत (Photo: itg)

रंजन कुमार त्रिगुण

  • भभुआ,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

बिहार के भभुआ शहर में एक रेस्टोरेंट के खाने ने परिवार को तबाह कर दिया. भभुआ शहर में रेस्टोरेंट  से पैक कर लाए गए मंचूरियन और कढ़ाई पनीर खाने के कुछ घंटे बाद 20 साल के विशाल कुमार तिवारी की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई  विनायक और दोस्त देवराज गंभीर रूप से बीमार पड़ गए.

सारंगपुर निवासी मार्कंडेय तिवारी के पुत्र विशाल तीनों दोस्तों के साथ रात करीब 10:30 बजे खाना खाया. देर रात उल्टी शुरू हुई और हालत बिगड़ने पर सुबह 4:30 बजे उन्हें भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि बिना उचित जांच (ईसीजी सहित) के जल्दबाजी में घोषणा की गई और आग्रह करने पर दुर्व्यवहार किया गया.

Advertisement

अस्पताल में भी लापरवाही का आरोप

हैरानी की बात यह कि बाद में निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बताया कि मौत कुछ मिनट पहले ही हुई है. इससे सदर अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि अस्पताल प्रशासन ने आरोपों से इनकार किया है.

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर  दर्ज कर ली है. फॉरेंसिक टीम ने रेस्टोरेंट और घर से खाद्य सैंपल व विसरा लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं. प्रशासन ने एहतियातन रेस्टोरेंट को सील कर दिया है.

10 दिन में होना था जनेऊ संस्कार

मृतक के पिता ने बताया कि 20 अप्रैल को विशाल का जनेऊ संस्कार तय था, घर में खुशियां छाई हुई थीं. इस घटना ने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया है. एसडीओ अमित कुमार और एसडीपीओ अनिकेत अमर सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे. इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही मौत का सही कारण और आगे की कार्रवाई तय होगी. यह घटना बाहर के खाने की स्वच्छता पर फिर सवाल उठाती है.
 

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement