ये कहानी जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के चैनपुरा इमादपुर गांव में सामने आई. यहां बुधवार की सुबह 22 साल की अंशु कुमारी की फैमिली के अधिकांश लोग धान रोपने के लिए खेत गए हुए थे. घर पर अंशु और उसका देवर कुणाल कुमार मौजूद था. इसी दौरान कुणाल ने अपनी भाभी से खाना मांगा. अंशु खाना परोसने के लिए गई थीं.
खाना परोसने के दौरान अंशु के हाथ में कुछ मिट्टी लगी हुई थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते मामूली विवाद बढ़ गया और कुणाल गुस्से में आ गया. आरोप है कि विवाद के दौरान कुणाल ने अंशु के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में अंशु का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने मामले की सूचना परसबिगहा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें: वाराणसी कांड: 28 साल पहले जिस तिथि पर भाई-भाभी की हत्या, उसी दिन राजेंद्र गुप्ता के परिवार का कत्ल, क्या है कनेक्शन?
मृतका अंशु कुमारी की शादी करीब एक साल पहले धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी. अंशु का मायका अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव में है. घटना की जानकारी मिलते ही मायके के लोगों को भी इसकी सूचना दी गई. इस वारदात के बाद अंशु के ससुराल और मायके के लोगों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे विवाद की परिस्थितियों सहित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
जिस घर में एक साल पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है. परिवार के लोग सदमे में हैं और गांव के लोगों के लिए भी यह यकीन करना मुश्किल है कि खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतनी भयावह घटना में बदल सकता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के पीछे केवल खाने को लेकर हुई कहासुनी का विवाद था या कोई अन्य कारण भी था.
सैयद मुशर्रफ इमाम