डायन बताकर महादलित महिला की हत्या, युवक की मौत के बाद जिंदा करने का बनाया दबाव

बिहार के जमुई के अमरथ गांव में 40 वर्षीय महादलित महिला दुतीय देवी की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि गांव के एक युवक की मौत के बाद महिला को डायन बताकर उसे जिंदा करने का दबाव बनाया गया और फिर पीट-पीटकर मार डाला गया. पुलिस ने FSL टीम से साक्ष्य जुटवाए हैं और संदिग्धों की पहचान में लगी है.

Advertisement
हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव.(Photo: Screengrab) हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव.(Photo: Screengrab)

राकेश कुमार सिंह

  • जमुई,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:29 PM IST

बिहार के जमुई में अंधविश्वास के चलते महादलित एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. जमुई सदर थाना क्षेत्र के अमरथ गांव में गुरुवार रात करीब 40 वर्षीय दुतीय देवी को डायन बताकर निशाना बनाया गया. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

मृतका की पहचान रूपा मांझी की बेटी दुतीय देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गांव के बिहारी मांझी के बेटे संदीप मांझी की गुरुवार को मौत हो गई थी. इसके बाद परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने उसकी मौत को सामान्य नहीं माना और महिला पर भूत-प्रेत तथा जादू-टोना करने का आरोप लगाने लगे.

यह भी पढ़ें: जमुई-समस्तीपुर के बाद गया! लड़की के साथ घूम रहे युवक को लड़कों ने पीटा, 8 गिरफ्तार

आरोप है कि अंधविश्वास के कारण महिला पर संदीप मांझी को दोबारा जिंदा करने का दबाव बनाया गया. इसी विवाद के बीच गांव के कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद शव को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया गया. हालांकि, हत्या में शामिल लोगों की भूमिका और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

Advertisement

मौके पर पहुंची पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

महिला का शव मिलने की सूचना पर जमुई टाउन थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव की स्थिति देखकर उसके साथ बर्बरता किए जाने की आशंका जताई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया.

घटनास्थल पर प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे. उन्होंने मौके का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी ली. पुलिस ने वार्ड नंबर 11 के सदस्य सुधीर मांझी से भी पूछताछ की है, ताकि घटना के संबंध में जरूरी जानकारी जुटाई जा सके.

प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि अमरथ गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा है. जानकारी मिलते ही टाउन थाना की टीम मौके पर पहुंची और FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है. हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा अनुसंधान पूरा होने के बाद ही किया जा सकेगा.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंधविश्वास के एंगल से जांच

Advertisement

पुलिस ने अभी तक कैमरे पर आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं. हालांकि, आजतक को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला की हत्या के पीछे अंधविश्वास की आशंका जताई जा रही है. संदीप मांझी की मौत के बाद महिला पर डायन होने का आरोप लगाए जाने की बात भी जांच के दायरे में है.

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने वार्ड नंबर 11 के सदस्य सुधीर मांझी से गहन पूछताछ की है. पुलिस मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाने और संदिग्धों की पहचान करने में लगी है. बताया जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं, ताकि वे फरार न हो सकें.

फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है. इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाए जाने का गंभीर सवाल खड़ा किया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »