बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राज्यसभा में जीत हासिल करने के बाद सीएम आवास में जश्न का माहौल है. राज्यसभा चुनाव में जीत की खबर मिलते ही उनके बेटे निशांत ने पिता को गले लगाकर बधाई दी तो नीतीश कुमार भावुक हो गए. इस खास मौके की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार ने बिहार राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज कर ली है. पिता के राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद जश्न के बीच सबसे खास पल तब आया, जब निशांत कुमार अपने पिता के पास पहुंचे. राजनीति से दूर रहने वाले निशांत इस मौके पर काफी खुश नजर आए.
उन्होंने आगे बढ़कर अपने पिता को जीत की मुबारकबाद दी और उन्हें गले लगाया तो नीतीश कुमार भावुक हो गए. सोशल मीडिया पर इस भावुक पल की चर्चा हो रही है, जहां एक मंझे हुए राजनेता के पीछे एक भावुक पिता की झलक देखने को मिली. निशांत ने इस कठिन वक्त में पिता की सफलता पर गर्व महसूस किया.
8 या 9 अप्रैल को सीएम पद से देंगे इस्तीफा
सूत्रों ने बताया कि अब नीतीश कुमार को राज्यसभा का सदस्य चुन लिया गया है. इसके बाद वह 8 या 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपेंगे. इसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा और इस्तीफे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वह दिल्ली में राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे.
वहीं, सत्ता परिवर्तन के इस दौर में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री होने जा रही है. बताया जा रहा है कि उन्हें नई सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाएगा. जेडीयू अपनी पकड़ मजबूत रखने के लिए एक अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री पद भी अपने पास रखेगी. हालांकि, शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण माना जाने वाला गृह मंत्रालय बीजेपी के पास ही रहेगा.
शशि भूषण कुमार