बिहार में मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित एक रेजिडेशिल स्कूल में रविवार सुबह 6 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र का शव शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड-10 निवासी रामानंद यादव के 6 साल के आनंद प्रेम के रूप में हुई है. वह यूकेजी का छात्र था और पिछले करीब छह महीने से खारी स्थित एक आवासीय स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
शौचालय के पास पाइप से बंधी लाश
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या कर शव को स्कूल के शौचालय के पास पाइप से बांध दिया गया था. उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्कूल संचालक ने शव को घर पहुंचा दिया था. इसके बाद हम लोग शव को लेकर स्कूल पहुंचे. स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र मनीष कुमार और आकाश कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे दो अज्ञात व्यक्ति स्कूल परिसर में आए थे. उन लोगों ने आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांध दी थी और उसे शौचालय के पास छोड़कर स्कूल के पीछे की ओर से भाग गए.
स्कूल का संचालक फरार
हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. जानकारी के मुताबिक स्कूल पिछले लगभग पांच साल से संचालित हो रहा है. घटना के बाद से स्कूल संचालक सुनील कुमार फरार बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
'मेरा बेटा बहुत चंचल था, अब मैं कैसे जिऊंगी'
शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मां गुंजन देवी ने बताया कि स्कूल संचालक ने उन्हें सुबह में घटना की जानकारी दी. इसके बाद मैं स्कूल पहुंची तो मोबाइल में फोटो दिखाया. जिसमें मेरा बेटा शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ था. स्कूल संचालक सुनील कुमार की पत्नी मेरे बेटे को रस्सी से खोलकर गोद में लेकर रो रही थी. मेरा बेटा बहुत चंचल था. अब मैं कैसे जिऊंगी.
'12 बजे कैंपस में आए थे दो लोग'
रेजिडेशियल स्कूल में रहकर पढ़ाई करने वाले चौथी क्लास के एक छात्र आकाश कुमार ने बताया कि रात में करीब 12 नींद खुलने पर मैंने देखा कि आनंद प्रेम को शौचालय के पास दो लोग गला में रस्सी बांध कर मार रहे हैं और वह छटपटा रहा है. इसके बाद हम सर को बताने गए, तब तक दोनों लोग स्कूल के पीछे से लगे टीन और फूस के बाउंड्री को खोलकर भाग गए. आनंद प्रेम ने बताया कि दोनों बदमाश का चेहरा ढंका हुआ था. पीछे से दोनों बदमाश स्कूल के अंदर घुसा था. चौथी क्लास की छात्रा साक्षी कुमारी ने बताया कि रात ने हमलोग सोए हुए थे. नींद खुलने पर आनंद शौच के लिए गया था. दोनों बदमाश पीछे के रास्ते से स्कूल में घुसा था. आनंद के गला में रस्सी फंसाकर शौचालय के पास पाइप में लटका दिया. एक लड़का उसे देखा तो दोनों भाग गया.
Input: मुरारी कुमार सिंह
aajtak.in