महंगाई की मार बिहार के बस यात्रियों पर पड़ी है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने सोमवार से राज्य भर के सभी सरकारी डिपो में नया फेयर चार्ट भेजकर अपनी करीब 1500 स्टेट और सिटी बसों के किराए में 10 से 15 फीसदी तक की भारी बढ़ोतरी लागू कर दी है.
परिवहन निगम के इस अचानक लिए गए फैसले के तुरंत बाद बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने भी आगामी 8 जून 2026 से राज्य की करीब 40 हजार प्राइवेट बसों का किराया बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. डीजल और सीएनजी (CNG) जैसी पेट्रोलियम ईंधन की कीमतों में लगातार हुए भारी इजाफे के कारण दोनों बस सेवाओं को महंगा करने का ये कदम उठाया गया है, जिसका सीधा और बड़ा असर प्रतिदिन सफर करने वाले राज्य के तकरीबन 16 लाख यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला है.
परिवहन निगम ने डिपो में भेजा नया फेयर चार्ट
सरकारी बसों से सफर करने वाले आम यात्रियों को अब पहले के मुकाबले 10 से 15 प्रतिशत तक ज्यादा किराया देना पड़ रहा है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अपनी सभी 1500 बसों के लिए नया फेयर चार्ट जारी कर दिया है, जिसके तहत स्टेट और सिटी दोनों रूट की बसों का सफर आज से महंगा हो चुका है.
प्राइवेट बसों का भी बढ़ेगा किराया
सरकारी बसों की तर्ज पर अब बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने भी निजी बसों के किराए में बढ़ोतरी करने का पूरा मन बना लिया है. फेडरेशन के फैसले के मुताबिक, आगामी 8 जून से सूबे की करीब 40 हजार प्राइवेट बसों का किराया आधिकारिक रूप से बढ़ जाएगा, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ेगी.
16 लाख यात्रियों पर पड़ेगा असर
इस चौतरफा बढ़ी महंगाई के पीछे पेट्रोलियम पदार्थों की आसमान छूती कीमतों को मुख्य कारण माना जा रहा है. ट्रांसपोर्ट फेडरेशन और निगम का कहना है कि हाल के दिनों में डीजल और सीएनजी (CNG) के दामों में भारी इजाफा हुआ है, उसी कारण किराया बढ़ाना उनके लिए जरूरी हो गया है. इसके साथ ही सरकारी और निजी दोनों तरह की बस सेवाएं महंगी हो जाएगी. वहीं, बस किराया बढ़ने का सीधा असर राज्य के तकरीबन 16 लाख यात्रियों पर पड़ेगा.
बिहार में बस सफर के साथ–साथ ऑटो का सफर भी जल्द ही महंगा होने वाला है. 5 जून के बाद ऑटो किराया भी बढ़ने के आसार हैं. परिवहन विभाग द्वारा बस किराया बढ़ाने के फैसले के बाद ऑटो चालकों ने भी किराया बढ़ाने का फैसला लिया है. हालांकि, पहले ऑटो चालकों ने किराया नहीं बढ़ने का फैसला किया था, ताकि लोगों को पैसे महंगाई के दौर में राहत दी जा सके, लेकिन अब पेट्रोलियम तेल महंगा होने के बाद उन्होंने भी किराया बढ़ाने का फैसला लिया है. ऑटो फेडरेशन जल्द ही अपनी नई रेट लिस्ट जारी करेगा.
शशि भूषण कुमार