बिहार के बगहा में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुलटोला सिरिसिया गांव निवासी 45 साल के केदार बैठा की भापसा नाला में मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई. घटना बेलहवा-सिरिसिया कच्ची सड़क के समीप गुलहरिया सरेह स्थित भापसा नाला की है.
जानकारी के अनुसार, केदार बैठा खेत में सोहनी का काम कर अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे. शाम के समय जब वे भापसा नाला पार कर रहे थे, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साथ चल रहे कमल उरांव, नथुनी उरांव समेत अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने केदार को नहीं छोड़ा. देखते ही देखते यह हादसा मौत में बदल गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतक केदार बैठा अपने पीछे पत्नी सीला देवी, दो पुत्र बृजेश बैठा और राजेश बैठा, तथा पुत्री सीमा को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग से मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने, क्षेत्र में सक्रिय मगरमच्छ को पकड़ने और भापसा नाला के आसपास स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि बरसात के मौसम में इस नाले में मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों की जान हमेशा खतरे में रहती है.
अभिषेक पाण्डेय