बिहार के 11 बड़े धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था अब बदल गई है. राज्य सरकार ने इन महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार सैन्य पुलिस (BSAP) को सौंप दी है. गृह विभाग ने इस संबंध में नई अधिसूचना जारी की है. इसके तहत महावीर मंदिर, विष्णुपद मंदिर, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब समेत कई बड़े स्थलों पर BSAP के जवान सुरक्षा संभालेंगे.
नई व्यवस्था के तहत BSAP को इन स्थलों की सुरक्षा का जिम्मा तत्काल प्रभाव से दिया गया है. सरकार का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थानों के साथ ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हवलदार से ऊपर के अधिकारियों को विशेष अधिकार भी दिए गए हैं, जिससे किसी भी स्थिति में तेजी से कार्रवाई की जा सके.
महावीर मंदिर से नालंदा तक शामिल हैं बड़े स्थल
BSAP जिन 11 जगहों की जिम्मेदारी संभालेगी, उनमें बिहार की कई मशहूर धार्मिक जगहें शामिल हैं. इस फैसले से सूबे के सबसे अहम परिसरों की सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो जाएगी. सीतामढ़ी का पुनौराधाम मंदिर, बगही धाम, वैशाली का बुद्ध अवशेष स्तूप, सोनपुर का हरिहरनाथ मंदिर, गया का विष्णुपद मंदिर समेत पटना का तख्त हरिमंदिर साहिब अब BSAP के पास होगा. इनके अलावा पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर परिसर का सुरक्षा घेरा भी पहले से काफी कड़ा कर दिया जाएगा.
धार्मिक स्थलों के साथ-साथ राज्य की बहुमूल्य ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा का जिम्मा भी अब BSAP के जवानों के पास रहेगा. राजगीर का विश्व शांति स्तूप, नालंदा विश्वविद्यालय के प्राचीन खंडहर, भागलपुर में स्थित विक्रमशिला के अवशेष और सासाराम का शेरशाह सूरी मकबरा इस नई सूची में जोड़े गए हैं. इन सभी जगहों पर पर्यटन का भारी दबाव रहता है, जिसको देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
बिहार में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इन स्थानों पर पहुंचते हैं. ऐसे में इन जगहों की सुरक्षा को लेकर लगातार ध्यान दिया जाता रहा है. नई व्यवस्था के बाद इन स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी और प्रबंधन को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी. राज्य सरकार के इस फैसले से बिहार के प्रमुख धार्मिक केंद्रों के साथ ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा. BSAP अब इन 11 महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी.
शशि भूषण कुमार