भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में आठ दिन बाद एक नया मोड़ आया है. भोजपुर के एसपी मिस्टर राज खुद भरत तिवारी के घर पहुंचे और परिजनों से मिले. उन्होंने परिवार को निष्पक्ष जांच और सुरक्षा का भरोसा दिया, लेकिन परिवार ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, वे संतुष्ट नहीं होंगे.
बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामला सुर्खियां में है. इस मामले के घटित होने के आठवें दिन भोजपुर के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज खुद भरत तिवारी के घर गए. वहां उन्होंने मृतक भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात की और उनसे पूरी बात समझी.
इस मुलाकात के दौरान एसपी के साथ आरा सदर के एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह और डीएसपी पंकज मिश्रा भी मौजूद थे. साथ में पुलिस के कुछ और बड़े अधिकारी भी आए थे.
जब एसपी परिवार से मिले, तो परिजनों ने अपना दर्द और कई सवाल उनके सामने रखे. भरत के भाई चंदन तिवारी ने एसपी से सीधा सवाल किया कि जब भरत ने पिस्टल फेंक दी थी, तो फिर उसे गोली क्यों मारी गई.
इस सवाल पर एसपी ने कहा कि इस पूरे मामले की हर बात की निष्पक्ष जांच की जाएगी. लेकिन चंदन तिवारी ने साफ कहा कि एसपी के भरोसा देने के बाद भी परिवार अभी संतुष्ट नहीं है. उनकी सिर्फ एक ही मांग है कि भरत की मौत के जो भी दोषी हैं, उन्हें सजा मिले और परिवार को न्याय मिले.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी के गांव में महापंचायत... पुलिस पर FIR के बाद मां ने कहा- उम्मीद है सच सामने आएगा
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने भी एसपी से बात की. उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई से जांच होनी चाहिए और साथ ही परिवार को सुरक्षा भी दी जाए. इस पर एसपी ने आशा देवी को भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और पूरे परिवार की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा. आशा देवी ने कहा कि उन्हें एसपी पर भरोसा है कि वे सही तरीके से जांच करेंगे और जो भी दोषी हैं, उन पर कार्रवाई होगी.
भरत तिवारी की बड़ी भाभी ने भी इस मुलाकात में अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि एसपी ने परिवार की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेने का वादा किया है. उन्हें उम्मीद है कि एसपी के नेतृत्व में जांच सही दिशा में आगे बढ़ेगी.
जब मीडिया ने इस मुलाकात और जांच के बारे में एसपी से सवाल पूछना चाहा, तो उन्होंने कैमरे के सामने कोई जवाब नहीं दिया और बिना कुछ बोले वहां से चले गए.
सोनू कुमार सिंह