बिहार के बेगूसराय जिले में अंधविश्वास और जमीन विवाद से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव में विधवा महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसके 23 वर्षीय बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
मृतक की पहचान सोनमा दक्षिणी टोला निवासी स्वर्गीय शंकर महतो के 23 वर्षीय बेटे चंदन कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, बखरी डीएसपी कुंदन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
यह भी पढ़ें: पूरे शरीर पर ब्लेड, बंधे हाथ पैर...बेगूसराय गैंग रेप पीड़िता की देवरानी ने सुनाई खौफनाक रात की दास्तां
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
खेत में मां से विवाद, घर लौट रहे बेटे पर हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, चंदन कुमार का अपने चचेरे भाई और उसके परिवार के कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था. गुरुवार सुबह उसकी विधवा मां परवल तोड़ने के लिए खेत गई थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर चंदन अपनी मां को देखने खेत पहुंचा.
आरोप है कि खेत में उसकी मां का चचेरे भाई और उसके परिवार के लोगों से विवाद हो रहा था. चंदन के वहां पहुंचने पर उसके साथ भी मारपीट की गई. हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया और वह घर लौटने लगा.
परिजनों का आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चचेरे भाइयों और उनके साथियों ने चंदन को घेर लिया. इसके बाद उसके सिर, गले और सीने पर ताबड़तोड़ करीब दर्जन भर चाकू से वार किए गए. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
'डायन' बताकर किया जाता था प्रताड़ित
मृतक के ससुर ने आरोप लगाया कि चंदन की मां को पड़ोसी लंबे समय से डायन बताकर प्रताड़ित करते थे. इसको लेकर कई बार विवाद हुआ और मारपीट भी की गई. उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पहले बखरी थाने में आवेदन भी दिया गया था, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की.
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो शायद यह वारदात नहीं होती. उनका आरोप है कि अंधविश्वास के साथ-साथ जमीन का पुराना विवाद भी इस हत्या की बड़ी वजह बना.
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को नियंत्रित किया.
SP बोले- जमीन विवाद में हत्या, पुराने आवेदन की भी होगी जांच
बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है. युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है और इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
एसपी ने कहा कि मृतक के परिजनों ने पहले पुलिस को आवेदन देने और कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है. इस दावे की भी जांच कराई जाएगी. यदि पहले कोई शिकायत मिली थी तो उसकी पूरी पड़ताल की जाएगी.
फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद, कथित डायन प्रथा से जुड़ा विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सौरभ कुमार