बिहार के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत पटखौली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. सड़क पर अचानक दौड़कर आए एक मासूम बच्चे को बचाने की कोशिश में ट्रक चालक ने वाहन मोड़ दिया, लेकिन इसी दौरान सड़क किनारे जा रहे एक होटल संचालक ट्रक की चपेट में आ गए. गंभीर रूप से घायल होटल संचालक ने गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ट्रक चालक ने बच्चे को बचाने के लिए वाहन की दिशा बदली, लेकिन इस प्रयास में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई.
यह भी पढ़ें: पुआल के ढेर में छिपी थी नशे की खेप, बगहा में 203 किलो गांजा बरामद
मृतक की पहचान पटखौली निवासी 55 वर्षीय ईश्वरी प्रसाद के रूप में हुई है. वे मलकोली चौक पर कई वर्षों से होटल चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
दोपहर में हुआ हादसा, गोरखपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे ईश्वरी प्रसाद गोह गजराज भवन के पास सड़क किनारे पैदल जा रहे थे. उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक वहां से गुजर रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की चपेट में आने से ईश्वरी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
CCTV में दिखा कैसे हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो गई है. वीडियो में दिखाई देता है कि अचानक एक छोटा बच्चा सड़क पर दौड़कर ट्रक के सामने आ जाता है.
बच्चे को बचाने के लिए ट्रक चालक तुरंत वाहन को दाहिनी ओर मोड़ देता है. बच्चा तो सुरक्षित निकल जाता है, लेकिन सड़क किनारे पैदल चल रहे ईश्वरी प्रसाद ट्रक की चपेट में आ जाते हैं.
टक्कर इतनी तेज थी कि ईश्वरी प्रसाद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
देखें वीडियो...
परिवार का एकमात्र सहारा छिना, पुलिस कर रही जांच
ईश्वरी प्रसाद अपने परिवार के मुखिया और एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं. एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा और बेटी अभी अविवाहित हैं.
उनकी मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हादसे का सीसीटीवी वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. एक मासूम की जान तो बच गई, लेकिन उस कोशिश में एक परिवार ने अपना मुखिया खो दिया.
अभिषेक पाण्डेय