बिहार की राजनीति में इन दिनों मोकामा विधायक अनंत सिंह चर्चा में हैं. JDU से निष्कासन के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. इस बीच अनंत सिंह बक्सर पहुंचे तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. यहां लोगों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया.
अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे अपनी बेटी की शादी का न्योता देने लालू प्रसाद यादव के घर भी जाएंगे. उन्होंने साफ कहा कि बेटी की शादी में सभी को बुलाया जाएगा. वहीं, नई पार्टी बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जरूर बनाएंगे, लेकिन यह बाद की बात है.
लालू यादव के घर जाकर देंगे शादी का न्योता
अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी की शादी का कार्ड बांट रहे हैं. इसी सिलसिले में वे अपने दोस्तों और करीबियों से मिलने निकले हैं. बक्सर में जब उनसे पूछा गया कि क्या वे लालू प्रसाद यादव को भी शादी का कार्ड देने जाएंगे, तो उन्होंने कहा, "हां, जाएंगे. सबको कार्ड देंगे. सभी को न्योता देंगे."
उन्होंने कहा कि पप्पू जी उनके काफी पुराने दोस्त हैं. उनसे भी मिलने जा रहे हैं. जब उनसे पूछा गया कि निशांत कुमार और ललन सिंह शादी में आएंगे या नहीं, तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं जानते. उन्होंने कहा कि हम सबको न्योता देंगे. जिसे आना होगा, आएगा.
नई पार्टी बनाने के सवाल पर क्या बोले अनंत सिंह?
JDU से निष्कासन के बाद अनंत सिंह से नई पार्टी बनाने को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि हां, पार्टी बनाएंगे, लेकिन वो बाद की चीज है. उन्होंने कहा कि फिलहाल वे अपने मित्रों और करीबियों से मिल रहे हैं. बेटी की शादी की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वे प्रयागराज भी जा रहे हैं.
अनंत सिंह के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में उनके अगले कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, उन्होंने नई पार्टी बनाने की कोई समयसीमा नहीं बताई. फिलहाल उनका कहना है कि वे शादी के काम में व्यस्त हैं.
बक्सर में समर्थकों ने पहनाया चांदी का मुकुट
अनंत सिंह के बक्सर पहुंचने पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी. टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए पहुंचे. समर्थकों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया. उन्हें देखने के लिए भी लोगों की भीड़ लगी रही.
इस दौरान अनंत सिंह बक्सर के सहजानंद सरस्वती आश्रम भी पहुंचे. वहां उन्होंने सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया.
यह भी पढ़ें: अमेरिका में पढ़ा दामाद, एक दिन में बेटी की शादी और बेटे का जनेऊ... अनंत सिंह के घर शाही जश्न की तैयारी
मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह से विधानसभा में जवाब देने को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि वे शादी के बाद ही इस बारे में कुछ करेंगे. उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें एक हफ्ते का समय मिला है. पहले बेटी की शादी का काम पूरा करेंगे.
अनंत सिंह के बयानों से साफ है कि फिलहाल उनका ध्यान बेटी की शादी और लोगों को न्योता देने पर है. नई पार्टी बनाने की बात उन्होंने कही है, लेकिन इस पर फैसला कब होगा, यह अभी साफ नहीं है.
पुष्पेन्द्र कुमार पाण्डेय